चर्चाओं पर लगा विराम, बेरमो विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने बनाया बाटुल को उम्मीदवार, दुमका से लड़ेंगी लुईस..

Jharkhand Updates

बेरमो और दुमका विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा ने रविवार को आखिरकार अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी| पार्टी ने दुमका से लुईस मरांडी और बेरमो से योगेश्वर महतो बाटुल भाजपा का प्रत्याशी बनाया है। भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति ने रविवार को उम्मीदवारों की घोषणा की। सूत्रों के मुताबिक, शनिवार देर रात ही इन दोनों प्रत्याशियों के नाम पर सहमति बन चुकी थी। दूसरी तरफ कांग्रेस ने बेरमो सीट से दिवंगत विधायक राजेंद्र सिंह के पुत्र कुमार जयमंगल सिंह को उम्मीदवार बनाया है| वहीं दुमका में झामुमो ने अपने प्रत्याशी बसंत सोरेन के नाम की घोषणा पहले ही कर दी है।

ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के त्यागपत्र के बाद खाली हुई दुमका विधानसभा सीट और कांग्रेस विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह के निधन से रिक्त हुई बेरमो विधानसभा सीट पर 3 नवंबर को उपचुनाव होना है। इसके बाद 10 नवंबर को मतगणना होगी। बिहार चुनाव समेत सभी उपचुनावों के परिणाम इसी दिन आएंगे।

उम्मीदवारों की घोषणा करते हुए भाजपा ने बताया कि दुमका-बेरमो विधानसभा उपचुनाव को लेकर पार्टी ने बूथ स्तर तक की रणनीति बनाई है। इसके लिए पूरा स्क्रिप्ट तैयार हो चुकी है। अब तय स्क्रिप्ट के आधार पर सभी नेता अपनी-अपनी भूमिका निभाएंगे। पार्टी के कई दिग्गज नेता, जिनमें प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश के अलावा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास, अन्नपूर्णा देवी, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कैंप करेंगे। इनके अलावा अगल-बगल के विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी नेताओं का ज्यादा सहयोग लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश के लिए ये उपचुनाव काफी अहम माना जा रहा है। एक तरफ बाबूलाल के भाजपा में आने और विधायक दल का नेता बनने तथा दीपक प्रकाश के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद यह पहला उपचुनाव है। इसी तरह हेमंत सोरेन के मुख्यमंत्री बनने के एक साल के भीतर, झामुमो और कांग्रेस के गढ़ में पहला उपचुनाव हो रहा है। इस तरह उपचुनाव में तीनों के प्रभाव की जंग भी होगी।