जमशेदपुर में भाजपा नेता की गोली मार कर हत्या, आरोपी फरार..

जमशेदपुर शहर के जुगसलाई स्टेशन रोड स्थित होटल एबी पैलेस परिसर में होटल मालिक सह ट्रांसपोर्टर विक्रम सिंह की रविवार रात नौ बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप एबी पैलेस के मालिक ओम नरायण सिंह उर्फ टुनटुन सिंह पर मृतक के स्वजनों ने लगाया है। टुनटुन सिंह परसुडीह थाना क्षेत्र खासमहल स्थित राधिका नगर के कालोनी निवासी हैं और स्टेशन रोड स्थित सिंह होटल भी टुनटुन सिंह की बताई जाती है।

मृतक स्टेशन रोड स्थित हरमिलाप मंदिर के पास रहने वाले कैलाश अपार्टमेंट का रहने वाला था। उसके उसके पिता की स्टेशन रोड में कैलाश रेसीडेंसी समेत अन्य अपार्टमेंट है। विक्रम सिंह कैलाश रेसीडेंसी की देखरेख करता था। कैलाश सिंह का निधन बहुत पहले हो चुका है। टुनटुन सिंह की पत्नी अनिता सिंह पूर्वी सिंहभूम जिला परिषद का पूर्व उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। हत्या की घटना के बाद से टुनटुन सिंह अपने पुत्र के साथ फरार है। वहीं घटना से स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है।

एसएसपी डा़ॅ एम तमिलवाणन भी मौके पर पहुंचे और होटल की जांच की। जुगसलाई पुलिस टुनटुन सिंह की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। विक्रम सिंह का होटल कैलाश और ग्रीन स्टार होटल है। उनका क्रशर का भी काम चलता है। विक्रम सिंह भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय नेता भी थे।

पुलिस ने बताया कि टुनटुन सिंह और विक्रम के बीच लेनदेन को लेकर विवाद था। इसको लेकर विक्रम को टुनटुन ने होटल बुलाया था। विक्रम के होटल पहुंचने के बाद उसके बड़े भाई अमरप्रताप सिंह, संजू और एक रिश्तेदार ऋषभ भी एबी पैलेस पहुंचे। यहां विक्रम की टुनटुन से बकझक हुई। इसके बाद टुनटुन सिंह ने अमरप्रताप पर पिस्तौल तान दी। इसके बाद विक्रम ने हाथापाई की तो टुनटुन सिंह ने विक्रम के सीने में सटाकर गोली मार दी। दूसरी गोली फायर कर टुनटुन सिंह व उसके अन्य साथी फरार हो गए। इधर, विक्रम के भाई व अन्य लोग उसे घायल अवस्था में टीएमच ले गए, जहां उसने दम तोड़ दिया।