रांची में अब हालात हो रहे सामान्य, 36 घंटे बाद शुरू हुई इंटरनेट सर्विस..

रांची: शुक्रवार को मेन रोड में बवाल के बाद उपजे हालात से अब जन जीवन सामान्य हो रहा है। दहशत के बादल छंटते जा रहे हैं। शनिवार को पूरी राजधानी विरान हो गई थी। सड़कें सूनी, दुकानें बंद थी। आवश्यक कार्य से ही लोग अपने घरों से बाहर निकल रहे थे। रांची में इंटरनेट बंद कर दिया गया था। वहीं, रविवार को स्थिति सुधरता दिख रहा है। निषेधाज्ञा के बावजूद प्रशासन ने थोड़ी ढील दी तो बाजार खुलने लगे। इंटरनेट सेवा फिर से बहाल हो गया है। सड़कों पर चहल पहल देखने को मिल रही है। जितनी भीड़ होती थी उतनी तो नहीं फिर भी अब लोग घरों से निकल रहे हैं। मोरहाबादी में रेजा-कुली काम खोजने के लिए जुटे दिखे तो लालपुर-कोकर मार्ग फिर से सब्जी दुकानों से गुलजार दिखे। अपर बाजार में भी चहल पहल है। हालांकि, प्रशासन अब भी सर्तक है। कुछ समय के अंतराल पर सायरन बजाते पुलिस की गाड़ी गुजर रही है। एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने थानेदारों को अपने-अपने इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है।

12 थाना क्षेत्र में धारा 144 बरकरार..
किसी तरह की अप्रत्याशित और अप्रिय घटना न हो, इसे ध्यान में रखते हुए शहर के 12 थाना क्षेत्रों में धारा 144 बरकरार रखा गया है। प्रशासन की ओर से शहर में ऑटो मे लाउडस्पीकर से निषेधाज्ञा की जानकारी दी जा रही है। जिन 12 थाना क्षेत्रों में धारा 144 लगायी गई है, उनमें लोअर बाजार थाना, हिंदपीढ़ी थाना, कोतवाली थाना, डेली मार्केट थाना, लालपुर थाना, सुखदेव नगर थाना, हटिया थाना, डोरंडा थाना, अरगोड़ा थाना, बरियातू थाना, जगन्नाथपुर थाना और पंडरा ओपी क्षेत्र शामिल हैं।

तीन थाना क्षेत्र में अब भी पुलिस का कड़ा पहरा..
राजधानी का अमन चैन फिर से न बिगड़ जाए इसको लेकर रांची पुलिस रिस्क लेने के मूड में नहीं है। इस कारण राजधानी के तीन थाना क्षेत्र लोअर बाजार, हिंदपीढ़ी, डेली मार्केट के इलाकों में अभी पुलिस का पहड़ा कड़ा है। मेन रोड, इकरा मस्जिद से लेकर हिंदपीढ़ी आदि इलाकों में पुलिस बलों की अब भी तैनाती है। हालांकि, शनिवार को पुलिस किसी को बाहर नहीं निकलने दे रही थी आज स्थिति थोड़ी ठीक है। पुलिस अब किसी को रोक नहीं रही है। मेन रोड हनुमान मंदिर में भी पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु आ रहे हैं। रामनाम धुन के बीच बजरंगबली का दर्शन पूजन चल रहा है।

रांची हिंसा में 9 एफआइआर, 26 नामजद, 10000 अज्ञात आरोपित..
इधर रांची हिंसा मामले में रांची के तीन अलग-अलग थानों में नौ एफआइआर दर्ज की गई है। इसमें 26 नामजद व दस हजार अज्ञात को आरोपित बनाया गया है। इनमें डेली मार्केट थाने में तीन केस, लोअर बाजार थाने में पांच केस व हिंदपीढ़ी थाने में एक केस दर्ज किया गया है। इनमें पुलिस-प्रशासन की ओर से चार केस दर्ज कराया गया है। जबकि चार केस अलग-अलग पब्लिक पीटिशन पर दर्ज हुए हैं। जबकि एक केस बिहार सरकार के मंत्री नि‍तिन नवीन की ओर से दर्ज कराया गया है। सभी मामलों में पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।

धार्मिक स्थलों पर पुलिस की विशेष नजर..
मेन रोड में शुक्रवार को हिंसक झड़प के बाद राजधानी के तमाम संवेदनशील इलाकों, धार्मिक स्थलों पर पुलिस की विशेष नजर है। इन जगहों पर पुलिस की तैनाती के अलावे गुप्तचरों के माध्यम से इलाके की सूचना जुटाई जा रही है। आपराधिक किस्म के व्यक्ति की हर गतिविधि पुलिस के नजर में है। कहां जमावड़ा लग रहा है। किस घरों में भीड़ जुट रही पुलिस को सारी जानकारी है।

सीएम ने दिये जांच के आदेश, एक सप्ताह में रिपोर्ट सौंपने को कहा..
उपद्रव और अशांति के बीच सजगता दिखाते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने पूरे मामले की जांच करने का आदेश दिया है। इसके लिए दो सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया गया है। इसमें आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव अमिताभ कौशल व एडीजी अभियान संजय आनंद लाटकर शामिल हैं। जांच कमेटी से एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *