पैगंबर पर टिप्पणी: रांची में पत्थरबाजी-तोड़फोड़ और आगजनी के बाद कर्फ्यू..

पैगंबर मोहम्मद पर नुपूर शर्मा की ओर से पिछले दिनों की गई टिप्पणी के विरोध में आज रांची में बवाल मच गया। मुस्लिम समुदाय की ओर से दुकानें बंद रखकर किया जा रहा प्रदर्शन दोपहर उग्र हो गया। पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया बेकाबू भीड़ ने पुलिस को निशाना बनाया जबकि आसपास की दुकानों और एक धार्मिक स्थल पर भी पत्थर फेंके। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आगे आयी पुलिस को भी भागना पड़ा। इस पथराव में डेली मार्केट थाना प्रभारी अवधेश ठाकुर, कोतवाली थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद सहित कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

भीड़ को उग्र होता देखकर पुलिस को मजबूरी में 10 राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारी मेन रोड में उपद्रव मचाते रहे। रांची के पूरे मेन रोड में तोड़फोड़ की। हनुमान मंदिर के आसपास भी जमकर प्रदर्शन किया। रांची के हृदय स्थल कहे जाने वाले पूरे मेन रोड में उपद्रवियों ने तोड़फोड़ की है। अभी-अभी मिली सूचना के अनुसार उपद्रवियों में शामिल एक की गोली लगने से मौत हुई है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी मौत की पुष्टी नहीं की गई है।

रांची के डेली मार्केट के टैक्सी स्टैंड में खड़ी दर्जनों वाहन तोड़ दी गई। आसपास लगे ठेले में आग लगा दी गई। सूचना मिली है कि जैप 3 के सिपाही अखिलेश यादव को गोली लगी है। इसके बाद रांची के मेन रोड में धारा 144 लागू कर दी गई है। जिला प्रशासन द्वारा सुजाता चौक से फिरायालाल चौक तक मेन रोड तक और उसके दोनों ओर 500 मीटर की दूरी तक निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। इस क्षेत्र में 5 या 5 से अधिक व्यक्ति का जमा होना वर्जित रहेगा। पुलिस घूम घूम कर लाउडस्पीकर से लोगों को अपने घरों में जाने का आदेश दे रही है। जानकारी के अनुसार विशेष समुदाय के उपद्रवियों ने करीब 25 गोलियां पुलिस पर चलाई। पहले उपद्रवियों ने गोली चलाई। जिसके बाद डीसी के आदेश पर जवानों ने करीब 150 से अधिक गोलियां चलाई। अगर पुलिस फायरिंग नहीं करती तो स्थिति और विकराल हो जाती।