गुमला में विधायक के भतीजे ने दिखाया धौंस तो पुलिस ने कर दी पिटाई..

सोमवार को गुमला के रायडीह के विधायक भूषण तिर्की के भतीजे रिचर्ड तिर्की ने धौंस जमाते हुए एएसआइ फागु राम उरांव के साथ धक्का-मुक्की की।साथ ही रिचर्ड तिर्की ने एएसआइ का कॉलर भी पकड़ा। जिसके बाद पुलिस कर्मियों ने रिचर्ड तिर्की को गिरफ्तार कर लिया और इस दौरान उसकी जमकर पिटाई भी की गई।

दरअसल ,पुलिस के अनुसार नेशनल हाईवे 43 भलमंडा के पास शाम करीब साढ़े चार बजे एक ट्रेलर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। जिसकी वजह से नेशनल हाइवे पर दोनों ओर से वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। इसी दौरान भरनो थाना में पदस्थापित एएसआइ फागु राम उरांव किसी आवश्यक कार्य के लिए रायडीह थाना जा रहे थे।उन्होंने वाहनों की लंबी कतार को देखते हुए सहयोग करने के इरादे से यातायात व्यवस्था को सुचारू करने में लग गए । इसी बीच एएसआइ फागु राम उरांव ने देखा कि गुमला की ओर से आ रही एक आल्टो कार जाम से निकलने की कोशिश कर रही थी।उसे रोकने पर कार में बैठा रिचर्ड तिर्की अपनी कार से उतर कर अपने विधायक चाचा का धौंस जमाते हुए एएसआइ फागु राम से उलझ गया। हालांकि , उस वक्त फागु राम सिविल ड्रेस में थे।जिसकी वजह से रिचर्ड तिर्की एएसआइ को पहचान नहीं सका और उनके साथ धक्का मुक्की करते हुए उनका कालर पकड़ लिया।इसे देख यह देख रायडीह थाना प्रभारी नीतीश कुमार व पुलिस बल ने रिचर्ड की धुनाई कर दी और उसे पकड़कर थाना ले गए।

जानकारी के अनुसार ,रिचर्ड तिर्की को पुलिस द्वारा पकड़े जाने की खबर समर्थकों तक पहुंची तो थाने की फोन की घंटियां बजनी शुरू हो गई।जिसके बाद पीआर बांड लिखाकर रिचर्ड को थाना से छोड़ दिया गया। एएसआइ फागु राम उरांव ने रायडीह थाना में धक्का मुक्की व गाली गलौज करने का आरोप रिचर्ड पर लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। वहीं ,रायडीह थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि एएसआइ फागु राम से रिचर्ड तिर्की ने धक्का मुक्की करते हुए उनका कॉलर पकड़ लिया था।इसके तहत एएसआइ फागु राम ने लिखित शिकायत दर्ज़ की है।उन्होंने बताया कि रिचर्ड को पीआर बांड लिखाकर छोड़ा गया है।