राज्य के तीन स्टेशनों पर होगा महिला यात्रियों के लिए लेडी पैसेंजर फैसिलिटेशन सेल..

महिलाओं के लिए ट्रेन में सफर करना अब और भी सुरक्षित व आसान होगा | रांची रेल मंडल और आरपीएफ आयुक्त कार्यालय की ओर से इसे और सहज बनाने की कवायद चल रही है |आपको बता दें कि रांची रेल मंडल प्रस्ताव के तहत लेडी पैसेंजर फैसिलिटेशन सेल की शुरुआत करने जा रही है | जिसे रेलवे सुरक्षा बल के मंडल सुरक्षा आयुक्त कार्यालय की तरफ से प्रस्ताव बना कर रेल बोर्ड को भेज दिया गया है | जल्द ही प्रस्ताव पर मंजूरी मिलते ही इस सेल की ओर से काम शुरू कर दिया जायेगा | जानकारी के मुताबिक , इस सेल के शुरू होने से निर्भया फंड का भी उपयोग किया जायेगा | आपको बता दें कि इस फंड से सेल पर लगभग दस लाख रुपये खर्च किये जायेंगे | वहीं, आरपीएफ की 20 महिला जवान की ड्यूटी सेल में लगायी जायेगी | इतना ही नहीं जरूरत पड़ने पर पुरुष जवानों को भी ड्यूटी दी जायेगी |

लेडी पैसेंजर फैसिलिटेशन सेल के लिए आइआइटी खड़गपुर की ओर से ऐप बनाया जा रहा है | इसके लिए आरपीएफ ने आइआइटी खड़गपुर से एमओयू भी किया है | आपको बता दें कि इस ऐप के जरिये फेसिलेशन सेल को यह जानकारी मिलेगी कि किस ट्रेन में महिला अकेली सफर कर रही है | उस अकेली महिला को ट्रेन में बिना बताये सुरक्षा दी जायेगी | साथ ही इस फैसिलिटेशन सेल स्टेशन में पेट्रोलिंग भी की जाएगी | इसके लिए स्टेशन पर बैटरी संचालित दोपहिया वाहन भी उपलब्ध कराया जायेगा | जिससे आरपीएफ जवान को कम समय में पेट्रोलिंग में मदद मिलेगी | जानकारी है कि शुरुआत में रांची, हटिया और मुरी रेलवे स्टेशन पर यह सेल कार्य करेगा |