गुमला में हार्डकोर नक्सली अवतार गिरफ्तार..

गुमला जिला अंतर्गत रायडीह थाना की पुलिस ने भाकपा माओवादी के हार्डकोर नक्सली सरईटोली बिरकेरा गांव के बंधनु महतो उर्फ अवतार (60 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बंधनु को लुरूकोना गांव से पकड़ा है। वह एक महीने से लुरूकोना गांव में छिपकर रह रहा था। बंधनु महतो सुरसांग थाना क्षेत्र के सरईडीह गांव का रहने वाला है। पुलिस की पूछताछ में बंधनु महतो ने बताया कि बुद्धेश्वर उरांव के साथ जंगल में वह था। उसी समय पुलिस व बुद्धेश्वर उरांव के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। बुद्धेश्वर के मारे जाने के बाद वह मौका पाकर वहां से फरार हो गया और रायडीह थाना क्षेत्र के लुरुकोना गांव में अपनी बेटी के घर में रहने लगा।

बंधनु महतो के खिलाफ पालकोट थाना में हत्या, मारपीट व आर्म्स एक्ट, रायडीह थाना में मारपीट आर्म्स एक्ट के पांच मामले दर्ज हैं। इसमें ‌वह फरार था। पुलिस के समक्ष उसने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया है। गुमला के एसपी एहतेशाम वकारीब को सूचना मिली कि बंधनु महतो अपनी बेटी के घर छि‍प कर रह रहा है। इसके बाद पुलिस टीम गांव गयी और घेराबंदी कर बंधनू महतो को गिरफ्तार कर लिया।

बताया जा रहा है कि बुद्धेश्वर उरांव के सलाहकार के रूप में बंधनु महतो काम करता था। यहां तक कि जब 8 माह पहले भाकपा माओवादियों ने कुरूमगढ़ थाना के सटे गांवों के जंगल में बारूदी सुरंग बिछाया था। तब बंधनु ही गांवों में घूमकर ग्रामीणों को जंगल में पशुओं को नहीं चराने व घुसने से मना किया था। पुलिस के लिए बंधनु महतो की गिरफ्तारी बड़ी सफलता है। बुद्धेश्वर उरांव के मारे जाने के बाद उसके दस्ते के सदस्य कहां-कहां छिपे हैं। इसका राज बंधनु महतो ही खोल सकता है।