नातिन के मुंडन के लिए रजरप्पा के मां छिन्नमस्तिका मंदिर पहुंचीं राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू..

बुधवार की सुबह झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू परिवार के साथ रामगढ़ के रजरप्पा स्थित सिद्धपीठ मां छिन्नमस्तिका मंदिर पहुंचीं। राज्यपाल मुर्मू ने मंदिर में पूजा अर्चना की और अपनी नातिन का मुंडन संस्कार कराया। इस दौरान पूरे मंदिर परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे।

पूजा में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू के साथ, उनकी बेटी इति मुर्मू , नातिन आद्याश्री और दामाद गणेश शामलि हुए। इस दौरान राज्यपाल ने प्रदेश के लोगों की खुशहाली के लिए मां से प्रार्थना की और झारखंड वासियों के लिए आशीर्वाद मांगा। इसके बाद राज्यपाल ने नातिन का मुंडन संस्कार कराया।

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने बताया कि वो पहली बार रजरप्पा, मां छिन्नमस्तिके के दर्शन के लिए आई हैं। उन्होंने कहा कि ये स्थान झारखंड ही नहीं पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। लोग यहां पूरी आस्था के साथ पूजा अर्चना करने आते हैं। उन्होंने कहा कि मां से ही संसार है।

वहीं रामगढ़ जिला पुलिस प्रशासन द्वारा राज्यपाल के दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। उपायुक्त संदीप सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार खुद सारी गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे थे और पूरे मंदिर प्रक्षेत्र के साथ-साथ रूट पर भी पुलिस बलों की तैनाती की गई थी।