नहीं रहे कांग्रेस के पूर्व विधायक नियेल तिर्की, रिम्स में ली अंतिम सांस..

राज्य के सिमडेगा जिले के पूर्व कांग्रेस विधायक नियेल तिर्की का बुधवार की सुबह तकरीबन 11 बजे रिम्स के ट्रामा सेंटर में निधन हो गया है। नियेल तिर्की ने इलाज के दैरान अंतिम सांस ली। इस बात की पुष्टि उनके पुत्र विशाल तिर्की ने की।

पूर्व विधायक के निधन पर झारखंड कांग्रेस के कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी शोक जताते हुए अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, “सिमडेगा के पूर्व विधायक नियेल तिर्की जी के निधन की दुःखद खबर मिली। परमात्मा उनकी आत्मा को शांति प्रदान कर शोक संतप्त परिवार को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे।”

नियेल तिर्की वर्ष 2005 में सिमडेगा सीट से कांग्रेस की टिकट पर विधायक चुने गए थे। नियेल तिर्की ने भाजपा के निर्मल कुमार बेसरा को 9111 वोटों से हराया था। जिसके बाद पार्टी ने उन्हें 2009 में पुनः मैदान में बतौर प्रत्याशी उतारा। हालांकि 2009 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। भाजपा की विमला प्रधान ने उन्हें 1113 वोटों से मात दी थी।

2009 में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने खूंटी लोकसभा सीट से नियेल तिर्की को उम्मीदवार बनाया लेकिन उस चुनाव में भी तिर्की की हार हुई। इसके बाद वर्ष 2014 में खूंटी से कालीचरण मुंडा को टिकट दिए जाने से नाराज़ तिर्की ने पार्टी छोड़ दी थी।