पलामू में भीषण सड़क हादसे में पुलिस जवान, उनकी पत्नी और 10 साल के बच्चे की मौत..

रांची मार्ग पर पलामू के सतबरवा थाना क्षेत्र के पोखराहा गांव के पास आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां एक ट्रक और कार की आमने-सामने से हुई जबरदस्त टक्कर में कार सवार पुलिस जवान,उसकी पत्नी व 10 साल के बेटे की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। जबकि उनकी कार में बैठा एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल युवक को पुलिस प्रशासन व स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार घटना सुबह 4:45 बजे की है। बताया जा रहा है कि छतरपुर थाना क्षेत्र के कौअल स्थित अपने घर से अखिलेश अहले सुबह करीब 3 बजे रांची जाने के लिए अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से निकले थे। कार वो खुद चला रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी प्रमिला देवी (34), बेटा गुलशन (10) और गांव का ही युवक मनीष कुमार (20) कार में थे। रांची में अखिलेश को पत्नी और बेटे का इलाज कराना था। इसी दौरान रास्ते में सतबरवा थाना क्षेत्र के पोखराहा में उनकी स्विफ्ट कार की टक्कर विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से हो गई।

ये टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद सभी को कार से बाहर निकाला जा सका। अखिलेश और उनके बेटे की मौत तो घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि, गंभीर रूप से जख्मी प्रमिला देवी और मनीष को एमएमसीएच लाया गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान प्रमिला देवी ने भी दम तोड़ दिया। जख्मी मनीष को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया। इधर, इस घटना के बाद NH-39 (पुराना एनएच 75) पर जाम लग गया। घटना के करीब 3 घंटे बाद गाड़ियों को हटाकर आवागमन सामान्य किया गया। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक काे छोड़ भाग निकला।