रांची में AIIMS खोलने की कवायद..

रांची में एम्स खोलने की कवायद एक बार फिर शुरू हुई है। प्रधानमंत्री कार्यालय से राज्य सरकार से एम्स खोलने की पहल करने के पत्र मिलने के बाद कवायद शुरू हुई है। राज्य के उद्योग निदेशक ने इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र लिख मंतव्य मांगा है। रांची के सांसद संजय सेठ ने पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर रांची में एम्स की स्थापना करने का आग्रह किया था। इसके बाद पीएमओ ने राज्य सरकार को एम्स की स्थापना के लिए पहल करने को कहा है।

सांसद संजय सेठ ने 28 जुलाई को प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने रांची में एम्स खोलने का आग्रह किया था। सेठ ने कहा था कि रांची झारखंड की राजधानी है। इस कारण बड़ी संख्या में पूरे राज्य के लोग उपचार के लिए यहां आते हैं। झारखंड के आसपास के राज्यों से भी नागरिक अपने उपचार के लिए रांची आते हैं। नागरिकों को रांची में बेहतर उपचार, कम खर्च पर उपलब्ध हो सके, इस उद्देश्य से एम्स की स्थापना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्रधानमंत्री को एम्स की स्थापना से संबंधित और इसकी आवश्यकता पर कई अन्य बिंदुओं से भी अवगत कराया था। सांसद के इस आग्रह पर संज्ञान लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय ने राज्य सरकार को पत्र लिखा है और एम्स खोलने की दिशा में पहल करने को कहा है।