4 जुलाई को रांची आएंगी द्रौपदी मुर्मू..

रांची: राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू चार जुलाई को झारखंड आ रही हैं। इस दौरान जीत सुनिश्चित करने को लेकर बीजेपी, आजसू समेत अन्य पार्टी के नेताओं से भी मिल सकती हैं। द्रौपदी मुर्मू के झारखंड आगमन की खबर मिलते ही झारखंड बीजेपी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। यहां बता दें कि द्रौपदी मुर्मू का झारखंड से गहरा नाता रहा है। वहीं, राष्ट्रपति चुनाव में दूसरे प्रत्याशी यशवंत सिन्हा का भी झारखंड से नाता रहा है। राष्ट्रपति चुनाव को लेकर वोटों की बात करें, तो झारखंड में राजग का पलड़ा भारी है। राज्य में भाजपा के 26 विधायक और लोकसभा, राज्यसभा और आजसू के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी को मिलाकर कुल 16 सांसद हैं।

वहीं, झामुमो के पास 30 विधायक और लोकसभा एवं राज्यसभा में दो सांसद हैं। दूसरी ओर कांग्रेस के राज्य में 17 विधायक और लोकसभा एवं राज्यसभा में दो सांसद हैं। झारखंड में 81 विधायक और 20 सांसद (लोकसभा में 14 और राज्यसभा में छह सांसद) को मिलाकर कुल 28,256 वोट है। इसमें एनडीए के पास 15,776 वोट है, जबकि झामुमो और कांग्रेस को मिलाकर कुल 11,072 वोट है। झारखंड में एक विधायक के वोट का मूल्य 176 है। वहीं, देशभर में एक सांसद के वोट का मूल्य 700 है।