द्रौपदी मुर्मू ने हेमंत सोरेन से की बात, राष्ट्रपति चुनाव में मांगा JMM का समर्थन..

रांची : राष्ट्रपति चुनाव को लेकर राज्य में सत्तारूढ़ झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का स्टैंड अभी भी क्लियर नहीं है। हालाँकि पार्टी ने इस मुद्दे पर चर्चा के लिए मुख्यमंत्री आवास में आज बैठक की लेकिन इस मसले पर एकमतता नहीं बन पाई। लगभग चार घंटे चली इस बैठक में और भी मुद्दों पर चर्चा हुई। राष्ट्रपति उम्मीदवार को समर्थन को लेकर पार्टी अभी और विचार करेगी। झामुमो के केन्द्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि बैठक में सभी राजनीतिक परिस्थिति पर चर्चा हुई। देश में जो हालात बन रहे हैं उन सभी पर बात हुई। राष्ट्रपति चुनाव पर यह तय हुआ कि जब चुनाव की स्थिति आएगी तो पार्टी अपने निर्णय से अवगत कराएगी।

वहीं राजग की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने आज झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता व झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से फोन पर बात की और उनसे राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन करने की अपील की। सूत्रों ने बताया कि मुर्मू ने सोरेन से व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया और उनसे उनकी उम्मीदवारी का समर्थन करने का अनुरोध किया है।

गौरतलब है की मुर्मू ने 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख शरद पवार, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भी संपर्क किया था। सूत्रों ने बताया कि तीनों नेताओं ने उन्हें अपनी शुभकामनाएं दी हैं।