धनबाद में छात्राओं पर लाठीचार्ज करने वाले SDM सुरेंद्र कुमार का तबादला..

धनबाद में इंटर की छात्राओं पर लाठी चार्ज करने वाले धनबाद के एसडीएम सुरेंद्र कुमार नप गए हैं। राज्य सरकार ने उन्हें एसडीएम के पद से हटा दिया है। उन्हें सचिवालय में भेज दिया गया है। राज्य सरकार ने सुरेंद्र कुमार को हटाकर प्रेम कुमार तिवारी को धनबाद का एसडीएम बनाया है। तिवारी पहले भी धनबाद में रह चुके हैं। वे गोविंदपुर अंचल में सीओ के पद पर सेवा दे चुके हैं। तिवारी फिलहाल गेल गैस में प्रतिनियुक्ति पर थे। वहीं झारखंड सरकार ने इसके साथ आज झारखंड प्रशासनिक सेवा के 11 और अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग की है।

झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारी और धनबाद के SDM सुरेंद्र कुमार का ट्रांसफर करते हुए अगले आदेश तक के लिए पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड का अवर सचिव बनाया गया है. बता दें कि श्री कुमार चर्चा में तब आये जब पिछले दिनों धनबाद में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के बाद विपक्ष ने इन्हें हटाने की मांग की थी. इस तबादले को इसी कड़ी से जोड़ कर देखा जा रहा है. वही, GAIL रांची के सक्षम प्राधिकार प्रेम कुमार तिवारी धनबाद के नये SDM बनाये गये हैं.

इसके अलावा मुख्यमंत्री सचिवालय के संयुक्त सचिव राजकुमार गुप्ता का ट्रांसफर करते हुए सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग के संयुक्त सचिव बनाया गया है. श्री गुप्ता जैप IT, रांची के विशेष कार्य पदाधिकारी के अतिरिक्त प्रभार में भी थे. वहीं स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव दिलेश्वर महतो को परिवहन विभाग का संयुक्त सचिव बनाया गया है.

कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग, रांची के अवर सचिव राज महेश्वरम गढ़वा के अनुमंडल पदाधिकारी बनाये गये हैं. गिद्धौर, चतरा के बीडीओ पूनम कुजूर की सेवा ग्रामीण विकास विभाग, झारखंड से वापस लेते हुए अगले आदेश तक बरही, हजारीबाग का नया SDM बनाया गया है. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अवर सचिव राम नारायण सिंह अगले आदेश तक रंका, गढ़वा के नये SDM बनाये गये हैं.

गढ़वा के कार्यपालक दंडाधिकारी चंद्रजीत सिंह को तबादला करते हुए कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग, रांची में योगदान करने को कहा गया है. वहीं, रांची सदर के कार्यपालक दंडाधिकारी राकेश रंजन उरांव की सेवा राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग, झारखंड से वापस लेते हुए इन्हें अगले आदेश तक डॉ रामदयाल मुंडा जनजातीय कल्याण शोध संस्थान, रांची का सहायक निदेशक निदेशक बनाया गया है.

गढ़वा के अनुमंडल पदाधिकारी मो जियाउल अंसारी को कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग, झारखंड के अवर सचिव बनाया गया है. बरही, हजारीबाग के अनुमंडल पदाधिकारी अनिल कुमार यादव को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड का अवर सचिव बनाया गया है.

इनके साथ ही रंका, गढ़वा के अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार लिंडा को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग, झारखंड के अवर सचिव बनाये गये हैं. इसके अलावा वैसे पदाधिकारी जिनके स्थान पर किसी अन्य का पदस्थापन हो गया है एवं उनका पदस्थापन कहीं नहीं किया गया है, वो कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग में योगदान देना सुनिश्चित करेंगे.