शनिवार नो कार के पांचवें हफ्ते भी रांची के सड़कों पर दौड़ी साइकिल..

शनिवार नो कार के तहत राजधानी रांची को प्रदूषण मुक्त और खुद को सेहतमंद बनाने का लक्ष्य लेकर युवाओं की अलग-अलग टोली साइकिल लेकर एक बार फिर सड़क पर उतरी।सरकार की ओर से कोरोना महामारी से बचाव के लिए तय गाइडलाइन का अनुपालन करते हुए शनिवार नो कार अभियान को आगे बढ़ाया गया। रांची नगर निगम की ओर से संचालित अभियान का इस शनिवार को पांचवां हफ्ता रहा। इस अभियान ने एक माह से अधिक का सफर पूरा कर लिया है।

अभियान के तहत आज रामदयाल मुंडा पार्क से मेन रोड होते हुए मोरहाबादी रामदयाल मुंडा पार्क तक निगम के कर्मचारियों ने साइकिल चलाई। नगर निगम के सिटी मैनेजर विजेंद्र कुमार, उप नगर आयुक्त कुंवर सिंह, पार्क मैनेजर नंद कुमार बड़ाईक ने साइकिल चलाकर लोगों को अभियान के प्रति जागरूक किया। इसमें अलग-अलग कॉलेज के छात्रों ने भी भाग लिया साथ ही उपनगर नगर आयुक्त शामिल हुए। इस मौके पर उप नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन ने कहा कि लोगों को एक दिन कम से कम कार छोड़कर साइकिल का प्रयोग करना चाहिए। इससे हमारा पर्यावरण बेहतर होगा।

अभियान के प्रति आम लोगों को प्रेरित करने के उद्देश्य से युवाओं और निगम कर्मचारियों ने अलग-अलग समूह में लोगों से संवाद भी किया। इस अभियान में पूरे शहर की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निगम की ओर से लगातार जन जागरण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में जनभागीदारी भी बढ़ी है। रांची नगर निगम के आयुक्त मुकेश कुमार ने इस अभियान में जनता की बढ़ती भागीदारी के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।