झारखंड में कोरोना से हाहाकार, आज मिले 3843 पॉजिटिव; 56 मौतें..

झारखंड एकबारगी फिर कोरोना से दहल उठा है। यहां जानलेवा वायरस के संक्रमण से ताबड़तोड़ मौतों का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को एकसाथ 56 कोरोना संक्रमितों की मौत से पूरे राज्‍य में हाहाकार मच गया। आज 3843 नए केस मिले, जबकि राज्‍यभर में कुल 56 मरीजों की मौत हो गई। अकेले राजधानी रांची में 16 मरीजों की मौत हो गई। आज रांची में 1372 नए कोरोना संक्रमित मिले। इसके साथ ही एक्टिव केस की संख्या रांची में बढ़कर 9414 हो गई है। आज के आंकड़ों के साथ ही राज्‍य में वर्तमान कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर अब 23 हजार से पार हो गई है।

रांची में बदतर हालात, जाने कहाँ मिले कितने मरीज..
रांची में 1372, पूर्वी स‍िंहभूम में 709, देवघर में 173, बोकारो में 140, हजारीबाग में 182, गुमला में 112, कोडरमा में 159, रामगढ़ में 126 तथा पश्‍चिमी स‍िंहभूम में 107 नए मरीज म‍िले। अन्‍य ज‍िलों में सौ से कम संख्‍या में मरीज म‍िले हैं। रांची में 16, पूर्वी सिंहभूम में 13, बोकारो व धनबाद में चार-चार, गोड्डा व लोहरदगा में तीन-तीन, साहिबगंज, लातेहार, कोडरमा, गिरिडीह में दो-दो, दुमका, गढ़वा, पलामू, रामगढ़ व सिमडेगा में एक-एक मरीज की मौत हो गई। कोडरमा के एसपी सहित 128 पुलिस जवान संक्रमित हो गए हैं। जबकि रमना सीओ की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई।

भयावह हुए हालात, झारखंड में 24 घंटे में 56 कोरोना मरीजों की मौत..
राज्य में कोरोना की स्थिति लगातार भयावह होती जा रही है। रांची में तो हालात और भी बदतर है। जरूरत पड़ने पर न तो मरीजों का बेड मिल रहा है न ही वेंटिलेटर। अधिसंख्य अस्पतालों में बेड भरे हैं और मरीज इलाज के लिए परेशान हो रहे हैं। दूसरी तरफ, राज्य में कोरोना के रोज रिकार्ड टूट रहे हैं। जहां प्रतिदिन मिलनेवाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, वहीं रोज होनेवाली मौत का आंकड़ा भी लगातार रिकार्ड तोड़ रहा है। स्थिति यह है कि शुक्रवार को राज्य में 56 कोरोना मरीजों की जान चली गई। इनमें 16 रांची के थे।

लगातार बढ़ रही पॉजिटिविटी रेट..
राज्य में सैंपल जांच में पॉजिटिविटी रेट भी लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार को प्रति सौ सैंपल जांच में 11.62 सैंपल पॉजिटिव पाए गए। चार दिनों पहले राज्य में इतने सैंपल जांच पर छह ही संक्रमित मिल रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *