रांची: दंपत्ति हत्याकांड का हुआ उद्भेदन, भतीजे ने की थी अपने चाचा-चाची की हत्या..

पुलिस ने रांची के गोंदा थाना क्षेत्र में पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या करने के मामले का खुलासा किया है | दरअसल ,गोंदा थाना क्षेत्र में तेतरू पाहन और उनकी पत्नी रतिया देवी की चाकू से गोद कर हत्या के मामले में पुलिस ने उनके भतीजे को गिरफ्तार किया है | पुलिस ने बताया कि दम्पति की हत्या संपत्ति विवाद की वजह से की गई थी | बीते शुक्रवार को तेतरू पाहन और उसकी पत्नी रतिया देवी की बेरहमी से चाकू मार कर हत्या कर दी गयी थी |

जानकारी के अनुसार रांची पुलिस ने इस मर्डर केस की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी भतीजे सुमित मुण्डा को गिरफ्तार कर लिया है |साथ ही , पुलिस ने हत्या में उपयोग किया गया चाकू और एक फोन बरामद किया है | वहीं , रांची पुलिस ने बताया कि हत्या के पहले भतीजे ने दम्पति को शराब पिलायी और जब दोनों नशे में बेसुध हो गये, उसके बाद सुमित ने चाकू से दोनों की निर्मम हत्या कर दी | दरअसल ,घटना को अंजाम देने के बाद सुमित मौके से फरार हो गया | पुलिस के मुताबिक सुमित अक्सर दंपती के घर आता-जाता था | इस वजह से किसी को भी उस पर शक नहीं हुआ था |आरोपी ने इस हत्याकांड को संपत्ति हड़पने के विवाद में अंजाम दिया था|

वहीं ,घटना के बाद पुलिस ने बताया था कि घर का दरवाजा अंदर से बंद नहीं था, जब पुलिस पहुंची तो दरवाजा खोलने पर दरवाजा खुल गया था | दरअसल ,जिस दंपती की हत्या हुई है, उनकी कोई संतान नहीं है, लेकिन उनके पास काफी पैतृक संपत्ति है, जिस पर सुमित की नजर थी | आरोपी कई बार संपत्ति को अपने नाम करवाने की कोशिश कर चुका था, लेकिन वह इसमें सफल नहीं हो पाया था, जिसके बाद उसने अपने ही चाचा-चाची की निर्मम हत्या की साजिश रची और उन्हें शराब पिला कर मार डाला | पुलिस ने बताया कि आरोपी भतीजा अपने चाचा और चाची से जमीन बिक्री करने को कहता था , और बार-बार मोटरसाइकिल व मोबाइल की मांग करता था |