बढ़ने लगे कोरोना के केस, झारखंड समेत 10 राज्यों में भेजी गयी केंद्रीय टीम..

देश में बढ़ रहे ओमिक्राॅन और काेराेना के मामलाें काे देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय झारखंड समेत 10 राज्याें में मल्टी डिसिप्लिनरी टीम तैनात करेगा। ये वैसे राज्य हैं जहां कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन या कोविड-19 के मामले बढ़ रहे हैं। साथ ही टीकाकरण राष्ट्रीय औसत से कम हो रहा है। झारखंड के अलावा बिहार, केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, मिजोरम, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और पंजाब में इन टीमाें काे तैनात किया जाना है। ये टीमें पांच दिन तक रहेगी और स्वास्थ्य अधिकारियाें के साथ मिलकर काम करेंगी। झारखंड में यह टीम साेमवार काे पहुंचेगी और काेराेना से निपटने की तैयारियाें और व्यवस्थाओं का जायजा लेगी। यह टीम ओमिक्रोन से निपटने को लेकर तैयारियों की भी समीक्षा कर केंद्र को रिपोर्ट सौंपेगी। इसे लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आपदा प्रबंधन यूनिट के उप महानिदेशक का पत्र राज्य सरकार को मिल गया है।

कई बिंदुओं पर होगी समीक्षा..
राज्य में केंद्रीय टीम आने की मुख्य वजह झारखंड में कोरोना टीकाकरण की रफ्तार कम होना है। इसलिए टीम की समीक्षा का मुख्य फोकस टीकाकरण ही होगा। हालांकि केंद्रीय टीम राज्य में सर्विलांस व्यवस्था, कांटैक्ट ट्रेस‍िंग, कंटोनमेंट आपरेशन की भी समीक्षा करेगी। साथ ही वायरस के स्वरूप की पहचान के लिए जीनोम स‍िक्‍वेंस‍िंंग के लिए भुवनेश्वर स्थित लैब को भेजे जा रहे आरटीपीसीआर पाजिटिव सैंपल की स्थिति की भी समीक्षा की जाएगी।

कोविड उपयुक्त व्यवहार का जायजा भी लेगी टीम..
बताया जा रहा है कि केंद्रीय टीम राज्य के लोगों द्वारा किए जानेवाले कोविड उपयुक्त व्यवहार का जायजा लेने के लिए क्षेत्र भ्रमण भी करेगी। टीम कोडरमा, पूर्वी सिंघभूम या अन्य जिलों का भी भ्रमण कर सकती है। अभी यह दौरा तय नहीं हुआ है। बता दें कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 10 राज्यों में टीम भेजने का निर्णय लिया है। इनमें अधिक संक्रमण वाले राज्य के अलावा वैसे राज्य हैं, जहां कोरोना टीकाकरण कम हुआ है। इसमें झारखंड भी शामिल है।

केंद्रीय टीम में ये चार केंद्रीय पदाधिकारी हैं शामिल..
डा. वरुण स‍िंंह , इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम, भारत सरकार ; डा. रविशंकर, आरडी, भारत सरकार ; डा. सिद्धार्थ गिरि, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ; डा. शिवशंकर पासवान, एम्स, पटना।

पिछले पांच दिनों में कैसे बढ़े मरीज..
राज्य में काेराेना फिर से बढ़ रहा है। पांच दिनाें में 222 मरीज मिल चुके हैं। 25 दिसंबर, 2021 को राज्य में 58 नये काेरोना संक्रमित मिले हैं। इससे पहले 29 जुलाई, 2021 को 56 कोरोना संक्रमित मिले थे। वहीं 22 दिसंबर को 50 से अधिक कोरोना संक्रमित मिले थे। वर्तमान में राज्य में एक्टिव केस की संख्या 316 पहुंच गयी है।

18 जिले में एक संक्रमित नहीं..
बता दें की 25 दिसंबर, 2021 के मुताबिक राज्य के 18 जिले बोकारो, चतरा, दुमका, गढ़वा, गिरिडीह, गोड्डा, गुमला, जामताड़ा, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, पाकुड़, रामगढ़, साहिबगंज, सरायकेला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में एक भी कोरोना संक्रमित नहीं मिले हैं, जो राहत की बात है। वहीं रिकवरी रेट का तुलनात्मक अध्ययन करें, तो देश की तुलना में झारखंड में रिकवरी रेट की स्थिति बेहतर रही है। झारखंड में 98.43 प्रतिशत है, जबकि देश में 98.20 प्रतिशित रिकवरी रेट रहा है। साथ ही झारखंड में कोरोना संक्रमरण के कारण मृत्यु दर 1.47 फीसदी, जबकि देश में 1.40 फीसदी है।