फिर सोरेन सरकार गिराने का षडयंत्र, FIR..

झारखंड में हेमंत सरकार को एक बार फिर अस्थिर करने की कोशिश का मामला सामने आया है। कांग्रेस विधायकों की खरीद-फरोख्त में असफल हो जाने के बाद अब झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के विधायकों को टारगेट किया जा रहा है। इस संबंध में JMM के घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन ने रांची के धुर्वा थाने में FIR दर्ज कराई है। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है- ‘JMM के पूर्व कोषाध्यक्ष रवि केजरीवाल और अशोक अग्रवाल पैसे का प्रलोभन देकर हेमंत सरकार को गिराने की साजिश रच रहे हैं। केजरीवाल और अशोक हमारे आवास पर आए। दोनों ने JMM के अन्य विधायकों का नाम लेकर उन्हें पार्टी छोड़ने के लिए प्रलोभन दिया। कहा कि वे नई पार्टी बनाकर भाजपा के साथ सरकार बनाएंगे।’ रामदास का आरोप है कि इस घटना से पूर्व भी रवि केजरीवाल ने दो-तीन बार उन्हें मोबाइल पर भी संपर्क किया था।

विधायक रामदास सोरेन का आरोप है- ‘रवि केजरीवाल ने यह भी प्रलोभन दिया कि आपको पैसे के साथ मंत्री पद भी दिया जाएगा। यह भी कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार गिराने के लिए आप कितना पैसा लेंगे, बताएं।’ दर्ज प्राथमिकी में आरोप है कि रवि केजरीवाल और अशोक अग्रवाल मिलकर हेमंत सोरेन की सरकार को गिराने का षडयंत्र कर रहे हैं और तरह-तरह का प्रलोभन उन्हें और उनकी पार्टी के अन्य विधायकों को दे रहे हैं।

बता दें की इस मामले में घाटशिला विधायक ने 12 अक्टूबर को धुर्वा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। दोनों पर IPC की धारा 124 ए, 171 ई, 120 डी, 34, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 8 और 9 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जिम्मेदारी हटिया के SP विनीत कुमार को दी गई है।