रांची के मैकलुस्कीगंज में तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरा, घरों में कैद हुए लोग..

झारखंड में ठंड लगातार बढ़ रही है। मैकलुस्कीगंज में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया। इलाके में कई जगहों पर पारा 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। लगातार चल रही सर्द हवाओं के कारण तापमान लगातार गिरता जा रहा है। आने वाले दिनों में तापमान और नीचे आ सकता है। रविवार की सुबह मैकलुस्कीगंज में अलग-अलग जगहों पर न्यूनतम तापमान 3 से 3.5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। सुबह मैकलुस्कीगंज के कुछ हिस्सों में कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम रही। सूरज दिखाई नहीं दे रहा था। सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ गई है।

इसके कारण इलाके में रहने वाली बड़ी आबादी घरों में कैद हो गई है। लोग दोपहर बाद घरों से निकल रहे हैं। शाम होने से पहले ही वापस लौट रहे हैं। जिला प्रशासन की ओर से चौक चौराहों पर अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। इससे आम लोगों को परेशानी हो रही है। ठंड बढ़ने के कारण सर्वाधिक परेशान स्कूल जाने वाले बच्चों व नौकरीपेशा लोगों को हो रही है। पिछले वर्ष भी मैकलुस्कीगंज में कड़ाके की ठंड पड़ी थी। तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया था।

रांची में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस पर..
मौसम विभाग के अनुसार रांची का न्यूनतम तापमान रविवार को 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 2 डिग्री नीचे रहा। मौसम विभाग की माने तो रविवार से आगामी 25 दिसंबर तक 6 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। क्रिसमस यानी 25 दिसंबर को बारिश का अनुमान है। अगले 6 दिनों तक दिन की शुरुआत कोहरे के साथ होगी। इसके बाद मौसम साफ होगा।