Headlines

राज्य में हल्की बूंदाबांदी के साथ कुछ हिस्सों में कनकनी बढ़ी..

राज्य में कुछ दिनों से मौसम में बदलाव लगातार जारी है। मौसम का यह बदलाव शुक्रवार को भी देखा गया। राजधानी रांची समेत कई इलाकों में हल्की बारिश के साथ आज का दिन शुरू हुआ। जिसकी वजह से ठंड में बढ़ोतरी हुई है। वहीं मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दोपहर के बाद राजधानी रांची समेत कुछ हिस्सों में गर्जन के साथ बारिश और वज्रपात के आसार हैं।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि शुक्रवार को रांची, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला- खरसावां में दिन भर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। साथ ही कुछ हिस्सों में हल्के दर्जे की बारिश भी हो सकती है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में कुछ जगहों पर मध्यम दर्जे की बारिश रिकॉर्ड की गई जिसमें सबसे ज्यादा बारिश गुमला के रायडीह में 2.1 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। वहीं पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में सुबह में हल्के कोहरे के के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हुई।

मौसम विभाग के अनुसार अभी फिलहाल तापमान मे कोई बदलाव की संभावना नहीं है। इसी के साथ रांची का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रहेगा। वर्तमान में रांची, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, खुंटी, लोहरदगा, सिमडेगा, गढ़वा औऱ पलामू का औसत न्यूनतम तापमान 13-14 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं गोड्डा, साहेबगंज और पाकुड़ का औसत न्यूनतम तापमान 17-18डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसके अतिरिक्त जिलों में औसत न्यूनतम तापमान 15-16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकार्ड किया गया।
राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान मेदिनीनगर का 31.0 डिग्री रिकार्ड किया गया। जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान चाईबासा का 11.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुमान के अनुसार शनिवार को बादल के छटते ही मौसम शुष्क होने के आसार है। हालांकि शनिवार से हिमालय में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढ़ रही है। जिसके बाद मौसम में फिर बदलाव हो सकता है। मौसम विभाग ने यह भी बताया कि फरवरी के अंतिम हफ़्ते और मार्च के पहले सप्ताह से तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। जिससे उमस जैसी स्थिति बनेगी।