अब समय से अस्पतालों को हो सकेगी ऑक्सीजन की आपूर्ति, सीएम ने संजीवनी वाहन को किया रवाना..

झारखंड में ऑक्‍सीजन की निर्बाध आपूर्ति के लिए राज्‍य में नई पहल की गई है। मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज संजीवनी वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है। जीपीएस युक्‍त इस संजीवनी वाहन को ऑक्‍सीजन की जरूरत पड़ने पर मौके पर भेजा जाएगा। मुख्‍यमंत्री ने आज सीएम आवास से संजीवनी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान CM हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार ने पहले चरण में रांची जिले के अस्पतालों को ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संजीवनी वाहन की शुरुआत की है। इसके बाद धनबाद और जमशेदपुर में इसे शुरू किया जाएगा। इससे उपचार करा रहे मरीजों को ऑक्सीजन के लिए चिंता नहीं करनी होगी। CM ने कहा कि संक्रमितों के बेहतर इलाज को लेकर ऑक्सीजन व अन्य चिकित्सीय संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संजीवनी वाहन 24 घंटे ऑपरेशन मोड में रहेंगे। इन वाहनों मे हमेशा ऑक्सीजन सिलेंडर मौजूद रहेगा। रांची जिले के अन्तर्गत जिस अस्पताल में ऑक्सीजन की जरूरत होगी, उसे तत्काल मुहैय्या कराया जाएगा। संजीवनी वाहन में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम भी होगा, ताकि इसकी बेहतर तरीके से मॉनिटरिंग की जा सके।

इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे, रांची के उपायुक्त छवि रंजन समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।