झारखंड के हर जिले में दिखा दिवाली का उल्लास..

पिछले साल कोरोना के कारण दीपावली की खुशियां भी क्वारंटाइन हो गई थीं। न वो उल्लास ही था और न ही जोश। बीमारी के डर के बीच लोगों ने दीपावली पर सिर्फ खानापूरी की थी। वहीं इस साल लोगों ने राहत की सांस ली तो दीपावली पर उसका उत्साह भी दिखाई दिया। बाजारों से लेकर घर तक जगमगा उठे। गांव से लेकर शहर तक लोगों में दीप उत्सव का उत्साह देखने को मिला। झारखंड में रांची से लेकर धनबाद और जमशेदपुर से लेकर बोकारो तक सभी जिलों में शाम ढलते ही जगमग दीपों की रोशनी नजर आई। रंग बिरंगी लड़ियां लोगों के घरों पर रोशन हो गईं।

राजधानी रांची बुधवार की रात से ही बिजली की रंग बिरंगी रोशनी से गुलजार हो गई। छोटी दिवाली पर राज्य में मांग के बराबर बिजली उपलब्ध हो गई है। सूबे में शाम पांच बजे बिजली की मांग 1200 मेगावाट पहुंची जबकि 1245 मेगावाट बिजली उपलब्ध थी। लोड शेडिंग की नौबत नहीं आई। सिकिदिरी की एक ही यूनिट से उत्पादन किया गया। वहीं दिवाली पर बिजली की मांग 1500 मेगावाट के करीब रही। मांग में अधिक इजाफा नहीं होगा क्योंकि प्रतिष्ठान और उद्योग बंद रहे। मांग के बराबर बिजली उपलब्ध कराने के लिये तैयारी पूरी कर ली गई थी।

सूबे के बड़े शहरों में इमारतों को रंगीन लाइटों से सजाया गया है। दिवाली की शाम को खास बनाने के लिए देश भर में लोग रंग बिरंगी लाइटों, कागज के फूलों की झालरों, गेंदा के फूलों की मालाएं खरीदे। घरों के भीतर और बाहर लोग ने आकर्षक रंगोली बनाई। शाम होते ही शहर और गांव रंग-बिरंगी झालरों एवं मिट्टी के दीयों से जगमग हो उठे।

शुक्रवार को मनेगा सोहराई पर्व..
दीपावली के दूसरे दिन जनजातीय समुदाय सोहराई पर्व मनाएगा। रांची में सोहराई पर्व पांच नवंबर को मनाया जाएगा। इस दिन गाय-बैल की पूजा की जाएगी। जबकि कई जगहों पर सोहराई जतरा का आयोजन किया जाएगा। छह नवंबर को बैल दौड़ाने की परंपरा निभाई जाएगी। बोड़ेया में पांच को सोहराई जतरा का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर बोड़ेया चौक स्थित सोहराई जतरा खूंटा को विश्वकर्मा पहान, अरसंडे के राहुल पहान की उपस्थिति में विधि-विधान से करीब चार फीट ऊपर किया गया है। जानकारी दी गई कि जतरा स्थल के चारों ओर सड़क निर्माण के कारण जतरा खूंटा बहुत नीचे हो गया था। मिसिरगोंदा में पांच को सोहराई पूजा और छह को बैल दौड़ाने की परंपरा पूरी की जाएगी। इस दिन इलाके में अवैध जुआ खेलने पर ग्रामीणों के द्वारा पाबंदी लगाई गई है।