Headlines

झारखंड : फाइलेरिया की रोकथाम के लिए शुरू हुआ अभियान..

रांची : फाइलेरिया उन्मूलन के लिए मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन कार्यक्रम सोमवार को राज्य के 12 जिलों में शुरू हो गया। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने जमशेदपुर मे स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा खाकर इस अभियान की शुरुआत की। स्वास्थ्य मंत्री ने जमशेदपुर स्थित अपने आवासीय कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर प्रतिबद्ध है। फाइलेरिया मुक्त राज्य बनाने के लिए राज्य के 12 जिलों- गिरिडीह, चतरा, दुमका, पू सिंहभूम, पसंहभूम, गढ़वा, गोड्डा, हजारीबाग, खूंटी, लोहारदगा, रांची और सिमडेगा में मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन कार्यक्रम का शुभारंभ किया जा रहा है।

श्री गुप्ता ने बताया कि सभी जिलों में रैपिड रिसपॉन्स टीम का गठन किया गया हैं। हर दिन ब्लॉक स्तर पर बैठक की जायेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार फाइलेरिया उन्मूलन के अथक प्रयास में जुटी है। फाइलेरिया रोधी दवा पूरी तरह सुरक्षित हैं। मैं खुद इस दवा का सेवन कर अभियान की शुरुआत कर रहा हूं, ताकि लोगों में भ्रम की स्थित नहीं रहे।

फाइलेरिया बीमारी की रोकथाम के लिए यह अभियान 25 अगस्त तक आंगनबाड़ी केंद्रों के अलावे पार्षद कार्यालय में आयोजित किया जाएगा। रांची जिले में कुल 27 लाख 93 हजार 252 लोगों को डीइसी और अल्बेंडाजोल की गोली खिलायी जायेगी। सिविल सर्जन रांची डॉ विनोद कुमार ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए रांची जिले में कुल 3231 बूथ बनाये गये हैं। साथ ही 454 सुपरवाइजर, 6462 स्वास्थ्य कार्यकर्ता और 18 त्वरित कार्रवाई दल गठित किये गये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *