चेहरा ढककर रांची कोर्ट में हाजिर हुई बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल, क्या है मामला..

रांची __बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल ने आज रांची सिविल कोर्ट में सरेंडर किया। उन पर चेक बाउंस, धोखाधड़ी और धमकी देने से संबंधित मामला चल रहा है। सूचना के मुताबिक अमीषा पटेल आज रांची एयरपोर्ट से सीधे सिविल कोर्ट में सिविल जज सीनियर डिविजन डीएन शुक्ला की अदालत पहुंची। कोर्ट में सरेंडर के बाद उन्हें 10 हजार के दो बेल बॉन्ड पर जमानत दे दी गई। अमीषा के खिलाफ कोर्ट से वारंट जारी हुआ था। कोर्ट ने दो बार वारंट जारी किया था। पहला वारंट 6 अप्रैल 2023 और दूसरा वारंट 20 अप्रैल 2023 को जारी किया गया था। अप्रैल महीने में हुई सुनवाई के दौरान उन्हें समन जारी कर कोर्ट में हाजिर होने को कहा गया था पर वो हाजिर नहीं हुई थीं। जिसके बाद रांची सिविल कोर्ट से वारंट जारी किया।

क्या है पूरा मामला..
यह मामला साल 2018 का है। झारखंड रांची के रहने वाले फिल्म निर्माता अजय कुमार सिंह ने अमीषा पटेल के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार अमीषा पटेल और उनके बिजनेस पार्टनर कुणाल ने उनके साथ धोखाधड़ी की थी। अजय कुमार सिंह ने अमीषा पटेल के खिलाफ चेक बाउंस, धोखाधड़ी और धमकी देने का आरोप लगाया है। इसी मामले में अमीषा पटेल को उपस्थिति के लिए समन जारी हुआ था। लेकिन कई बार समन के बावजूद वह अदालत में खुद या अपने अधिवक्ता के माध्यम से उपस्थित नहीं हो रही थीं।

सीजेएम कोर्ट में दायर हुआ था केस..
रांची के अरगोड़ा के रहने वाले अजय कुमार सिंह ने यह केस 17 नवंबर 2018 को रांची सीजेएम कोर्ट में दायर किया था। जिसमें आरोप लगाया है कि म्यूजिक मेकिंग के नाम पर अमीषा पटेल ने उनसे ढाई करोड़ रुपये लिए थे। पैसे लेने के बाद भी उन्होंने म्यूजिक मेकिंग की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया।

अमीषा पटेल पर ढाई करोड़ रुपए ऐंठन का आरोप..
साथ ही अमीषा पटेल पर फिल्म देसी मैजिक बनाने के नाम पर अजय सिंह से ढाई करोड रुपए ऐंठने का भी आरोप लगाया है। दोनों के बीच जो कांट्रैक्ट हुआ था, उसके अनुसार जब फिल्म जून 2018 में रिलीज नहीं हुई तो अजय ने अमीषा से पैसे की मांग की। काफी टालमटोल के बाद अक्तूबर 2018 में ढाई करोड़ एवं 50 लाख रुपए के दो चेक दिए, जो बाउंस हो गए। इसके बाद अजय सिंह ने रांची सिविल कोर्ट में मुकदमा किया है।