मधुपुर में भाजपा ने गंगा पर जताया भरोसा, 30 को नामांकन..

मधुपुर उपचुनाव के लिए भाजपा ने अपने प्रत्याशी के तौर पर आखिरकार गंगा नारायण सिंह के नाम पर मुहर लगा दी है। गंगा नारायण सिंह ही मधुपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार होंगे। गुरुवार को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने उनके नाम की घोषणा की। गौरतलब है कि 22 मार्च को गंगा नारायण आजसू छोड़ भाजपा में शामिल हुए थे। तभी से यह तय माना जा रहा था कि वो ही मधुपुर में भाजपा का चेहरा होंगे। पिछले विधानसभा चुनाव में गंगा नारायण मधुपुर से आजसू के टिकट पर चुनाव लड़े थे और तीसरे स्थान पर रहे थे। जबकि भाजपा के राज पलिवार दूसरे स्थान पर थे।

लेकिन भाजपा ने आगामी उपचुनाव में दूसरे को छोड़ तीसरे स्थान पर रहने वाले पर दांव लगाया है। इसकी बड़ी वजह बताई जा रही है मधुपुर के जातीय और क्षेत्रीय समीकरण को। पिछले दिनों भाजपा प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में मधुपुर चुनाव को लेकर विस्तार से मंथन हुआ था। प्रदेश चुनाव समिति में एनडीए को एकजुट रखने और वोटों के न बिखरने पर जोर दिया गया था।

उसी बैठक में गंगा नारायण के नाम की भी चर्चा हुई थी। इसके बाद 22 मार्च को गंगा नारायण भाजपा में शामिल हो गए।

दूसरी तरफ मधुपुर से वर्ष 2005 और 2014 में चुनाव जीत चुके पूर्व मंत्री राज पलिवार के लिए उनका टिकट कटना बड़ा झटका है। राज पलिवार ने टिकट के लिए रांची से दिल्ली तक को साधने की कोशिश की थी लेकिन उनकी रही सही आस गुरुवार को गंगा नारायण के नाम की घोषणा के साथ टूट गई है।

अब 30 मार्च को भाजपा की टिकट पर गंगा नारायण अपना नामांकन दाखिल करेंगे। उनका मुकाबला जेएमएम प्रत्याशी हफीजुल हसन से होगा।