बिशुनपुर के विधायक चमरा लिंडा को मिला जान से मारने की धमकी..

रांची: झारखंड के बिशुनपुर के विधायक चमरा लिंडा को जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी के साथ ही साथ उनके घर पर जाकर गाली गलौज भी की गई। जिसके बाद विधायक ने नगरी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। विधायक ने नगड़ी थाना अंतर्गत सैंबो निवासी समीर मुंडा और टुंडूंल निवासी अनिल मुंडा उर्फ चारकु मुंडा पर अश्लील भाषा का उपयोग कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह टुंडूंल डोरिया टोली में रहते हैं। वर्तमान में इस क्षेत्र में भू-माफिया का बोलबाला है। ये लोग इलाके के आदिवासी रैयतों की जमीन पर बुरी नजर रखते हैं। साथ ही कहा कि अब ये लोग उनकी जमीन पर नजर गड़ाए बैठे हैं। तीन जुलाई को समीर मुंडा और अनिल मुंडा उनके घर पर आए और अश्लील भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

वहीं, समीर मुंडा और अनिल मुंडा का कहना है कि विधायक चमरा लिंडा का आरोप बेबुनियाद है। उनके द्वारा हमारी खानदानी जमीन की घेराबंदी कर रास्ता बंद कर दिया गया है। हम इसी संबंध में उनसे बात करने के लिए विधायक के पास गए थे। लेकिन उन्होंने हमारे खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी। इधर, नगड़ी थाना की पुलिस कार्रवाई करते हुए समीर और अनिल को थाना लाकर पूछताछ कर रही है।