जमशेदपुर वन विभाग टाटा स्टील के साथ मिलकर खोलेगा वेनम सेंटर..

जमशेदपुर में वन विभाग द्वारा सांप का जहर इकठ्ठा करने के लिए वेनम कलेक्शन सेंटर खोला जायेगा | आपको बता दें कि वेनम सेंटर खोलने को लेकर टाटा स्टील से बात चल रही है। दरअसल ,वनपाल प्रशिक्षण केंद्र में सांपों को बचाने व पकड़ कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस दौरान डीएफओ नीतीश कुमार ने बताया कि वेनम कलेक्शन सेंटर के लिए सीएल व एलडब्ल्यू के परमिशन की आवश्यकता है। यह कलेक्शन सेंटर टाटा स्टील के साथ खोला जाएगा| जहां सांपों को 3 महीने के लिए रखा जाएगा | उनके जहर को संग्रहित कर फिर वापस उन्हें भयमुक्त वातावरण में छोड़ दिया जाएगा। वनपाल प्रशिक्षण विद्यालय में चले प्रशिक्षण कार्यक्रम में 14 वन प्रमंडलों के 60 उप परिसर पदाधिकारी व अन्य लोगों उपस्थित थे।

कार्यक्रम में सारंडा वन प्रमंडल के पदाधिकारी चंद्रमौली प्रसाद सिन्हा ने लोगों से अपील किया कि वन और वन्य जीवो के प्रति संवेदनशील रहें।सांपों को देखने के बाद डरे नहीं उन्हें जाने का रास्ता दें | साथ ही उन्होंने बताया कि सांपों को मारना व नुकसान पहुंचाना भारतीय वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत वन अपराध की श्रेणी में आता है , इसमें सजा का भी प्रावधान है। आगे उन्होंने वेनम सेंटर के बारे में बताया कि प्रशिक्षण के लिए रेस्क्यू किए गए सांपों को लाया गया है।

जिन्हें प्रशिक्षण के उपरांत जंगल में छोड़ दिया जाएगा।

सर्प विशेषज्ञ एनके सिंह ने बताया कि सरकार द्वारा बनाये जाने वाले रेस्क्यू सेंटर में रेस्क्यू किए गए सांपों को उनके स्वस्थ होने तक रखा जाए। स्वस्थ होने के बाद सांपो को जंगल में छोड़ दिया जायेगा | सर्प विशेषज्ञ ने सांपो को नुकसान नहीं पहुंचाने व पकड़ कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने के लिए बहुत सारी तकनीक बतायी। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि सांप डरपोक प्रजाति का जानवर होता है। सांपों की संख्या ज्यादा होने से पर्यावरण संतुलित रहता है। इसीलिए हमे सांपों की संख्या बढ़ाने का प्रयास करें ना की उन्हें मारे।