रांची में बीच सड़क पर युवक को गोद दिया चाकू, मौत..
रांची में आज सरेराह चाकूबाजी की घटना हुई है। मामला चुटिया थाना क्षेत्र के निवारपुर स्थित ओवर ब्रीज के पास का है। यहां तीन अज्ञात अपराधियो ने एक युवक को आज दिनदहाड़े चाकू से गोद दिया। चाकू लगने के बाद युवक बुरी तरह घायल हो गया और मौके पर ही गिर पड़ा। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में उठाकर सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए घायल युवक को रिम्स भेज दिया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मनोहर किशन के रूप में हुई है। वह हरमू स्थित विद्या नगर में रहता था और वह मूल रूप से लोहरदगा का रहने वाला था। रांची में रहकर अमेजन के लिए डिलेवरी ब्वॉय का काम करता था। घटना के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए हैं।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही सिटी डीएसपी दीपक कुमार, चुटिया थानेदार वेंकटेश कुमार, डोरंडा थानेदार रमेश सिंह और लोअर बाजार थाना प्रभारी संजय कुमार मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए। अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
चुटिया थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रथम दृष्ट्या ये लूटपाट का मामाल नहीं लग रहा है। ये आपसी रंजिश में की गई हत्या का मामला लग रहा है। फिलहाल अपराधियों के गिरफ्तारी के लिए छापेमार की जा रही है। जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। जांच के बाद ही कारणों का पता चल पाएगा।