आजसू का केंद्रीय समिति सदस्य हरेलाल महतो को पुलिस ने पश्चिम बंगाल के दीघा से किया गिरफ्तार..

सरायकेला: झारखंड के सरायकेला-खरसावां की पुलिस ने आजसू के केंद्रीय समिति सदस्य और इचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी रहे हरेलाल महतो को पश्चिम बंगाल के दीघा से गिरफ्तार कर लिया है। हरेलाल के खिलाफ नीमडीह में पुलिस टीम पर हमला के मामले में वारंट था। बता दे कि सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के अंतर्गत बामनी गांव में 23 अप्रैल को लगे मेले को कोविड 19 प्रोटोकॉल के तहत नियंत्रित करने पहुंची निमडीह पुलिस प्रशासन के साथ ग्रामीणों की हुई झड़प के मामले में आरोपी आजसू पार्टी के केंद्रीय सदस्य हरेलाल महतो को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

हाई प्रोफाइल गिरफ्तारी के तहत जिले के 9 थानों के अधिकारी और पुलिस बल के संयुक्त अभियान के तहत हरेलाल महतो की गिरफ्तारी शनिवार की सुबह दीघा से हुई। गिरफ्तारी के बाद पुलिस संरक्षण में हरेलाल महतो को मेडिकल जांच के लिए सरायकेला सदर अस्पताल लाया गया।

हरेलाल महतो के सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचने से पहले सदर अस्पताल कैंपस को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। पुलिस संरक्षण में हरेलाल महतो के सदर अस्पताल पहुंचते ही मेडिकल जांच होने तक सदर अस्पताल के गेट को बंद रखा गया। केवल डॉक्टर्स और स्वास्थ्यकर्मियों सहित स्वास्थ्य जांच के लिए आने जाने वालों को ही अनुमति रही। वहीं इस दौरान दर्जनों की संख्या में पार्टी और हरेलाल महतो के समर्थक सदर अस्पताल गेट के बाहर इक्कट्ठे होकर नारे लगाते रहे। लगभग आधे घंटे तक चली मेडिकल जांच के बाद हरेलाल महतो को पुलिस संरक्षण में न्यायलय के समक्ष प्रस्तुत करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।