झारखंड में बारिश के बाद लोगों को गर्मी से मिली राहत, तापमान में आई गिरावट..

झारखंड में राजधानी रांची समेत कई हिस्सों में शुक्रवार को बारिश हुई। इसके बाद अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है। मौसम विभाग के अनुसार 10 और 11 अप्रैल को भी कुछ इलाकों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं कई इलाकों में सिर्फ बादल छाये रहेंगे।

मौसम विशेषज्ञ अभिषेक आनंद के अनुसार उत्तर-पूर्वी में निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है जिसकी वजह से कहीं-कहीं हल्के व मध्यम दर्जे के बादल छाये हुए हैं। उन्होंने बताया कि कई जगहों पर 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा भी चल सकती है।

कोलेबिरा व सिमडेगा में सबसे अधिक 22.3 मिमी वर्षा
राजधानी रांची में शुक्रवार दोपहर में हल्की बारिश हुई, लेकिन देर शाम तक मेघ गर्जन के साथ-साथ 10 मिमी बारिश हुई, जबकि झारखंड के अन्य इलाकों खास कर कोलेबिरा व सिमडेगा में सबसे अधिक 22.3 मिमी वर्षा हुई. इसके अलावा घाटशिला में 19.2 मिमी, राजमहल में 10.4 मिमी व कुरडेग में 14.8 मिमी वर्षा हुई. देर रात तक लगभग सभी इलाकों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश होती रही.

शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि गुरुवार को रांची का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। मौसम विभाग के मुताबिक तापमान में और लगभग दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है।

वहीं जमशेदपुर का शुक्रवार का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री व डालटनगंज का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि गुरुवार को डालटनगंज में 42 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया था। पिछले एक सप्ताह के दौरान गर्मी और उमस से लोगों का बुरा हाल था लेकिन कल की बारिश के बाद लोगों को राहत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *