लद्दाख में भारतीय सीमा पर शहीद हुआ रांची का लाल, 1 से 2 दिन में पैतृक गांव लाया जाएगा पार्थिव शरीर..

लद्दाख में भारतीय सीमा पर तैनात रांची के सैनिक अभिषेक कुमार साहू (26) शहीद हो गए। दिसंबर-2015 में सेना में नियुक्त अभिषेक उर्फ विक्की चान्हो के रहने वाले थे। सैन्य अधिकारियों ने अभिषेक के बड़े भाई परमानंद और बहनोई को शनिवार शाम फोन पर पूरी घटना की जानकारी दी। ये बताया गया कि पहाड़ से फिसलने के कारण जवान अभिषेक की मौत हो गई l अफसरों द्वारा परिजनों को दी गई जानकारी के मुताबिक अभिषेक का पार्थिव शरीर अभी करगिल में है।

वहां, सारी प्रक्रिया पूरी करने और यूनिट में श्रद्धांजलि सभा करने के बाद शहीद अभिषेक का पार्थिव शरीर पहले लेह भेजा जाएगा। जिसके बाद हवाई जहाज से रांची भेजा जाएगा। उम्मीद है कि सोमवार या मंगलवार को शहीद का शव रांची लाया जा सकता है। इसके बाद सड़क मार्ग से रांची एयरपोर्ट से चान्हो स्थित पैतृक गांव चोरेया लाया जाएगा।

शहीद के भाई परमानंद ने बताया कि अभिषेक सेना की टुकड़ी के साथ डयूटी पर थे। शनिवार दोपहर करीब दो बजे वो पहाड़ की चोटी से फिसल कर नीचे गिर गए। जिस जगह वो गिरे, वहां बारूदी सुरंग बिछी हुई थी। विस्फोट होने से अभिषेक गंभीर रूप घायल हो गए। उनके साथी जवान उन्हें हेलीकॉप्टर से करगिल मिलिट्री अस्पताल ले गए, जहां शाम चार बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

तीन भाई-बहन में सबसे छोटे अभिषेक ने कॉलेज से पढ़ाई की। उनके पिता भी इस दुनिया में नहीं हैं। ऐसे में घर चलाने की पूरी जिम्मेदारी अभिषेक पर ही थी।