झामुमो के दो केंद्रीय सदस्य सहित एक दर्जन कार्यकर्ता पार्टी से निष्कासित..

चतरा: झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन के निर्देश पर महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने 28 अक्टूबर को चतरा जिले के एक दर्जन नेताओं व कार्यकर्ताओं को संगठन से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। पार्टी से निष्कासित किए गए नेताओं व कार्यकर्ताओं में दो केंद्रीय सदस्य हैं। इन सभी का निष्कासन छह वर्षों के लिए हुआ है। उनके ऊपर पार्टी विरोधी कार्य करने का आरोप है। जिला अध्यक्ष पंकज कुमार प्रजापति की अनुशंसा पर केंद्रीय अध्यक्ष ने यह निर्देश जारी किया है। निष्कासित किए गए नेताओं में केंद्रीय सदस्य संतोष नायक व मनोज राणा के अलावा कैलाश सिंह, दिनेश पांडेय, जगदीश यादव, रवींद्र सिंह, धनेश्वर गंझू, संगीता पाठक, पंकज मिश्रा, राजकिशोर कमल, प्रकाश राम पासवान एवं राजेश कुशवाहा का नाम शामिल है।

उपर्युक्त नेताओं व कार्यकर्ताओं पर आरोप है कि 23 सितंबर को अल्पसंख्यक कल्याण, निबंधन तथा पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मामलों के मंत्री सह तत्कालीन स्थानीय जिला प्रभारी मंत्री हाफिज-उल-हसन चतरा प्रवास पर आए थे। इस क्रम में उन लोगों ने सरकार के मंत्री के विरुद्ध निजी स्वार्थ में नारेबाजी करते हुए अमर्यादित टिप्पणी की थी। इससे संगठन की मर्यादा धूमिल हुई है।

संगठन विरोधी यह कार्य बर्दाश्त करने योग्य नहीं है। साथ ही अनुशासनहीनता को प्रमाणित करता है। ऐसे में उन लोगों को संगठन में बने रहना किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है। उन सभी को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इधर निष्कासित नेताओं का कहना है कि यह एकतरफा कार्रवाई है। निष्कासन से पूर्व उनका पक्ष जानना चाहिए था। वे इस मामले को लेकर जल्द ही केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन व कार्यकारी अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर पूरी वस्तु स्थिति की जानकारी देंगे। यहां बताते चलें कि हाल के दिनों में प्रभारी मंत्रियों के जिले बदले गए हैं। चतरा का प्रभारी मंत्री अब पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर को बनाया गया है। जबकि अल्पसंख्यक मंत्री हाफिज-उल-हसन को गिरिडीह का प्रभारी मंत्री बनाया गया है।