सावधान! झारखंड में मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट..

झारखंड में लोगों को फिलहाल ठंड से राहत मिलती नज़र नहीं आ रही है। हालांकि आज सोमवार की सुबह मौसम साफ रहा और बाकायदा सुबह सात बजे तक धूप भी निकल गयी। लेकिन कनकनी और पश्चिमी हवा ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। कई लोग ठिठूरन के कारण अपने घरों में ही सिमटे रहे।

गौरतलब है कि मौसम विभाग की ओर से आज से दो दिनों के लिए राज्य में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके तहत कई जिलों में शीतलहर के साथ ठंड बढ़ने की चेतावनी दी गई है। इसमें मुख्य रूप से पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, रांची, रामगढ़, गुमला, बोकारो, हजारीबाग, गिरिडीह, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, चाईबासा तथा सिमडेगा जिलों में कहीं-कहीं पर शीतलहर चलने की संभावना है। इसके कारण न्यूनतम तापमान का पारा चार से पांच डिग्री सेल्सियस के नीचे रह सकता है। वहीं सुबह की ठंडी हवा के कारण मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

मौसम विभाग ने खासतौर पर शिशुओं, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, पुरानी बीमारियों वाले लोगों के लिए विशेष चेतावनी जारी करते हुए सावधान रहने की अपील की है। बताया जा रहा है कि ये स्थिति दो फरवरी को भी बनी रहेगी। मौसम विभाग ने लोगों को लंबे समय तक ठंड में रहने से बचे रहने का निर्देश दिया दिया है। इसके अलावा गर्म ऊनी कपड़े पहनने और पर्याप्त रूप से अपने सिर, गर्दन, हाथ और पैर की उंगलियों को ढ़ककर रखने की सलाह दी है। इसके साथ ही ब्लड प्रेशर के मरीजों को भी अपने ध्यान रखने की जरूरत है।

बात करें पिछले 24 घंटों की तो इस दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा। जमशेदपुर और डाल्टेनगंज में कहीं-कहीं शीतलहर स्थिति बनी। वहीं चाईबासा में भीषण शीतलहर महसूस किया गया। इस दौरान राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान चाइबासा का 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 05.1 डिग्री सेल्सियस गिरिडीह में रिकार्ड किया गया।