11 दिसंबर के बाद रांची के तापमान में होगी गिरावट..

रांची मौसम विभाग के अनुसार, शहर में अगले पांच दिनों तक मौसम सामान्य रहेगा। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में भी ज़्यादा अंतर नहीं आएगा। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने 11 दिसंबर के बाद रांची के तापमान में गिरावट होने की जानकारी दी है। जम्मू-कश्मीर समेत अन्य पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का प्रभाव रांची के मौसम में भी पड़ेगा।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची में ठण्ड उत्तरी हवा से आती है। यहां अमूमन 15 दिसंबर से 15 जनवरी तक सबसे ज्यादा ठंड महसूस की जाती है। उन्होंने बताया कि मौजूदा स्थिति के मुताबिक इस बार भी यही स्थिति देखने को मिलेगी।

अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची समेत आसपास में कोहरा लग रहा है लेकिन घनी आबादी होने के कारण शहरी क्षेत्रों में ये दिख नहीं रहा है। जमशेदपुर या ऐसे क्षेत्र जहां जंगल और नमी ज्यादा है, वहां अभी से ही घना कोहरा छाया रह रहा है। साथ ही, उन्होंने बताया कि रांची में अभी हल्का कोहरा है। 15 के बाद यहां भी घना कोहरा दिख सकता है।

आज के मौसम की जानकारी:
पिछले 24 घंटे में झारखंड में मौसम शुष्क रहा। आज सबसे अधिकतम तापमान जमशेदपुर का 30 डिग्री सेल्सियस के साथ रहा। जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रांची का रिकॉर्ड किया गया। आज भी रांची में आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। अगले चार दिनों तक रांची का यही तापमान रहने के आसार है।