झारखंड में मौसम फिर लेगा करवट, 22 से छायेंगे बादल 23 व 24 को बरसेंगी फुहारें..

झारखंड का माैसम एक बार फिर से करवट लेने वाला है। इसके कारण रांची समूचे झारखंड में पड़ रही ठंड से लोगों को राहत मिलेगी। झारखंड में बादल छाने के साथ बारिश के भी आसार जताए गए है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के कारण होगा। माैसम केंद्र की पूर्वानुमान के अनुसार, 22 जनवरी से रांची सहित झारखंड में आंशिक बादल छाए रहेंगे। 21 जनवरी काे सुबह में कोहरे के बाद दिन में धूप खिलेगी। 21 से 24 जनवरी तक रांची का अधिकतम तापमान 23 से 20 और न्यूनतम 10 से 14 डिग्री रहेगा। 25 जनवरी से आसमान साफ होगा।

वज्रपात व ओलावृष्टि भी हो सकती है..
भारतीय माैसम विज्ञान केंद्र रांची के हेड अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची सहित झारखंड के उत्तरी हिस्से में बारिश हाेने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इस दौरान ओलावृष्टि और वज्रपात भी हो सकती है। इस वजह से दिन के तापमान में थाेड़ी गिरावट आएगी, लेकिन रात का तापमान बढ़ेगा। माैसम केंद्र के अनुसार, अगले तीन से चार दिनाें में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे दाे से चार डिग्री की वृद्धि हाेगी। 22 से 24 जनवरी तक उत्तरी, दक्षिणी व मध्य हिस्से में बारिश हाेगी। गुरुवार काे रांची का अधिकतम तापमान 24 व न्यूनतम 7.6 डिग्री, जमशेदपुर का अधिकतम 26 व न्यूनतम 9 डिग्री रहा।

इससे पहले दिसंबर के अंतिम सप्ताह में भी पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में बदलाव आया था और हल्की बारिश हुई थी। पिछले हफ्ते भी पश्चिमी विक्षोभ की वजह से घने बादल छाए रहे थे और हल्की बारिश भी हुई थी। दिन के तापमान में काफी गिरावट भी आ गई थी। इस बार भी मौसम का मिजाज वैसा ही रहेगा। बारिश थमने के बाद भी दो-तीन दिनों तक दिन में देर तक घना कोहरा छाया रहेगा। 26 जनवरी से मौसम एक बार फिर शुष्क होने का अनुमान है।