रांची में लगातार बदल रहा मौसम का मिजाज, न्यूनतम पारा पहुंचा 17 डिग्री के पार..

राजधानी रांची में मौसम का मिजाज कुछ दिनों से काफी बदला हुआ है| अब तो यहां मौसम ने 40 साल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। साल 1980 के बाद इस वर्ष (जनवरी 2021) में रांची का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री पहुंचा। इससे पहले, 40 साल के इतिहास में रांची में एक जनवरी से सात जनवरी तक न्यूनतम पारा 17 डिग्री पार नहीं गया था। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद बताते हैं कि इसका सबसे बड़ा कारण पश्चिमी विक्षोभ है।

1980 से 1999 तक झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर नहीं रहता था, लेकिन वर्ष 2000 के बाद से इसका असर लगातार बढ़ता जा रहा है। इस दौरान, ठंड के मौसम में पश्चिमी विक्षोभ झारखंड में सात बार आता था, लेकिन अब ये आंकड़ा भी पार हो चुका है। वैश्विक स्तर पर हो रहे मौसम में बदलाव का असर अब झारखंड में भी दिख रहा है। यहीं कारण है कि जनवरी के शुरुआत में ही ठंड कम हो गई है।

बात करें बीते वर्षों की तो, 2018-19 में जनवरी महीने में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे था| आमतौर पर जनवरी में न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री के आसपास रहता था, लेकिन 40 साल में पहली बार न्यूनतम तापमान 15 डिग्री के पार गया। शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 26.8, न्यूनतम 17.2 डिग्री दर्ज किया गया।

दो दिनों में रांची में रात के न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसकी वजह से ठंड कम हुई है। चूंकि न्यूनतम तापमान अपने सामान्य तापमान से 7 डिग्री अधिक है। मौसम वैज्ञानिकों केक अनुसार, 12 जनवरी तक ऐसी स्थिति रहने की संभावना है। वहीं, 9 जनवरी से 11 जनवरी तक आसमान में बादल छाए रहेंगे| धूप भी खिलेगी, लेकिन अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री के आसपास रह सकता है।

मौसम केंद्र द्वारा दारी 21 जनवरी तक के पूर्वानुमान के मुताबिक, 8 से 14 जनवरी तक अधिकतम तापमान 25 से 32 डिग्री और न्यूनतम 9 से 16 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं, 15 से 21 जनवरी के बीच अधिकतम तापमान 23 से 30 डिग्री और न्यूनतम 8 से 14 डिग्री के बीच रहने की संभावना है|

इसके अलावा, 8 जनवरी से 11 जनवरी तक आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। दिन में धूप भी खिले रहने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री और न्यूनतम 15 से 16 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

धनबाद में न्यूनतम तापमान पहुंचा 19 डिग्री सेल्सियस..
उधर, धनबाद में भी जनवरी का पहला हफ्ता सीजन का सबसे गर्म हफ्ता रहा। शुक्रवार को यहां अधिकतम तापमान जहां 31 डिग्री तो न्यूनतम पारा 19 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ गया।