झारखंड: मौसम का मिजाज बदला, 26 मई तक बारिश के आसार..

राजधानी रांची में शनिवार को दोपहर 12:15 बजे मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवा व मेघ गर्जन के साथ हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज किया गया। पिछले एक सप्ताह से राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों के तापमान में लगातार उतार चढ़ाव हो रहा है। एक ओर जहां उत्तर पूर्वी क्षेत्र यानी देवघर, दुमका, जामताड़ा, साहेबगंज, गोड्डा, पाकुड़ व धनबाद में बारिश हो रही है तो दूसरी ओर राज्य के शेष हिस्सों में तापमान का तेवर चढ़ा हुआ है। वहीं मध्य झारखंड यानी रांची, रामगढ़, बोकारो, गुमला, हजारीबाग व खूंटी में दिन भर तेज धूप रहने के बाद हल्की बारिश से लोगों को राहत मिली है। वहीं दूसरी ओर विशेषज्ञ की माने तो क्लाउड बैंड बनने के बाद भी इन क्षेत्रों में लगातार कम हो रही हरियाली के कारण अपेक्षाकृत कम बारिश हो रही है। बता दें कि पिछले तीन दिनों के दरम्यान राजधानी के तापमान में 2-3 डिग्री का उतार चढ़ाव लगातार बना हुआ है।

मौसम केंद्र के प्रभारी वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में ज्यादा दिखेगा। 21 मई को पूर्वी भाग (संताल) में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। 22 से 26 मई तक झारखंड में कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। कहीं-कहीं मेघ गर्जन और वज्रपात की आशंका है। इसके साथ ही हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर रह सकती है। दक्षिणी-पश्चिमी मॉनसून अभी दक्षिण और मध्य बंगाल की खाड़ी की ओर है। यह सामान्य गति से आगे बढ़ रहा है। राहत भरी खबर यह है कि अबकी बार मानसून समय से पूर्व दस्तक दे रहा है। रिपोर्ट की माने तो 10 जून के बाद यानी पिछले वर्ष की तुलना में छह दिनों पहले ही मानसून का झारखंड में प्रवेश हो रहा है। जिससे जून व जुलाई में गर्मी का असर लगभग समाप्त हो जाएगा।