झारखंड संकट: ‘महाराष्ट्र’ से बचने के लिये UPA विधायकों को छत्तीसगढ़ किया शिफ्ट..

झारखंड में सियासी संकट के बीच यूपीए के विधायक आज शाम रायपुर पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट से हेमंत सोरेन सरकार के 30 विधायक सीधे रायपुर स्थित मेफेयर रिजॉर्ट के लिए रवाना हो गए। एयरपोर्ट से लेकर होटल तक के रास्तों में विधायकों को कड़ी सुरक्षा में ले जाया गया। सभी विधायकों के लिए रिजॉर्ट में शाही इंतजाम किया गया है। विधायक बस से उतरकर रिजॉर्ट में चले गए हैं। रिजॉर्ट के अंदर मीडिया के जाने पर रोक लगा दी गई है। बता दें की झारखंड में सत्तारूढ़ संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) राज्य में जारी राजनीतिक संकट के बीच अपने विधायकों को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कथित खरीद फरोख्त के प्रयासों से बचाने के लिए पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ शिफ्ट किया है। झामुमो का मानना है कि भाजपा ‘महाराष्ट्र के समान’ सरकार को गिराने के लिए उसके और कांग्रेस से विधायकों की खरीद फरोख्त का प्रयास कर सकती है और विधायकों को ‘सुरक्षित जगह’ में रखने की आवश्यकता है।

महागठबंधन के ये विधायक गये रायपुर..
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर गये झारखंड में महागठबंधन के विधायकों में जिग्गा सुसारण होरो, संजीव सरदार, मंगल कालिंदी, सुदिव्य कुमार सोनू, सरफराज अहमद, आलमगीर आलम, बादल पत्रलेख, दीपिका पांडेय सिंह, उमाशंकर अकेला, कुमार जयमंगल सिंह, पूर्णिमा नीरज सिंह, बन्ना गुप्ता, नेहा शिल्पी तिर्की, भूषण बाड़ा, डॉ रामेश्वर उरांव, सोनाराम सिंकू, स्टीफन मरांडी, नलिन सोरेन, मथुरा महतो, अंबा प्रसाद, चमरा लिंडा, नियल पूर्ति, सीता सोरेन, सुखराम उरांव, दशरथ गगराई, विकास सिंह मुंडा, बैजनाथ राम, भूषण तिर्की, रामदास सोरेन और समीर मोहंती मुख्य हैं।

झारखंड कांग्रेस प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष भी गये रायपुर..
महागठबंधन के विधायकों के साथ झारखंड कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय और प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर भी रायपुर गये हैं। इसके अलावा संजय कुमार, मुकेश मंडल, प्रदीप महतो, मो अब्बास, अब्दुश सलम अंसारी, दिनेश मरांडी, राहुल प्रताप सिंह और संतोष पांडेय भी रायपुर गये हैं।

नहीं होने वाली है कोई अनहोनी..
इधर, रांची एयरपोर्ट से बाहर निकलते हुए सीएम ने पत्रकारों से कहा कि कोई अनहोनी नहीं होने वाली है। हर परिस्थिति का सामना करने के लिए सत्ता पक्ष तैयार है। कहा कि रणनीति के तहत कार्य किए जा रहे हैं. उसी रणनीति की छोटी सी झलक पहले भी देखा और आज भी देखने को मिला है। कहा कि आगे भी कई चीजें देखने को मिलेंगी। उन्होंने कहा कि राज्य में षड्यंत्रकारियों को जवाब सत्ता पक्ष अपने तरीके से देगी। इसके लिए सत्ता पक्ष पूरी तरह से तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *