रामगढ़ में अनियंत्रित टेलर ने 5 वाहनों को मारी टक्कर, मचा कोहराम..

रामगढ़ में एनएच 33 रामगढ़-रांची मुख्य मार्ग पर रामगढ़ पटेल चौक के पास आज सुबह करीब 11:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, वहीं महिला और बच्ची समेत 5 लोग घायल हो गए हैं। दुर्घटना में रांची की ओर से आ रहे माल लदे ट्रेलर ने अपने आगे चल रहे 3 कार और 2 बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। अनियंत्रित वाहन ने पहले एक बलेनो कार और एक स्विफ्ट कार को अपनी चपेट में लिया। दो कारों को चपेट में लेने के बाद ट्रेलर सामने से आ रहे एक एक्सयूवी के ऊपर पलट गया। इस घटना में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, कार चालक समेत एक और व्यक्ति की मौत हुई है। दुर्घटना में एक कार ट्रेलर के नीचे आ गई। इसे क्रेन की मदद से निकाला गया। अब तक 2 मृतकों की पहचान हो गई है। इसमें एक व्यक्ति रांची के ओरमांझी का रहने वाला विनोद करमाली है। वहीं, कार चालक की पहचान घुटुवा के विजय के रूप में हुई है।

पटेल चौक पर जहां यह हादसा हुआ, वहां सड़क के किनारे ही शक्ति फ्यूल पेट्रोल पम्प है। दुर्घटना के बाद ट्रेलर के इंजन में अचानक आग लग जाने से पास के पेट्रोल पंप तक आग फैलने की आशंका को देखते हुए सभी लोग भयभीत हो गए। तत्काल मौके पर पहुंची रामगढ़ पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम किसी तरह आग पर काबू पाया। बाद में क्रेन की मदद से जब उल्टे ट्रेलर को सीधा किया गया तो उसके नीचे दबे एक्सयूवी में सवार तीन लोगों का शव मिला।

घटना के प्रत्यक्षदर्शी रहे अनिल महतो ने बताया कि देखते ही देखते सबकुछ बदल गया। ट्रेलर तेज रफ्तार से आया। एक-एक कर वाहनों को अपनी चपेट में लेता चला गया। दो कार चालक थोड़े संभल गए। तीसरे को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला। बाइक सवार भी सीधे टक्कर के शिकार हो गए। थोड़ी देर पहले सबकुछ सामान्य दिनों की तरह दिख रहा है। 5 मिनट के अंदर सड़क का पूरा दृश्य बदल गया। अगर अनियंत्रित ट्रेलर पेट्रोल पंप के अंदर प्रवेश कर जाता तो स्थिति और भयावह हो सकती थी।