झारखंड में रूस और जापान के दो नागरिक लापता, सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े..

झारखंड की राजधानी रांची में रूस व जापान से आए दो विदेशी नागरिक रांची में लापता हो गए हैं। इनकी वीजा की वैधता भी समाप्त हो चुकी है। इतना ही नहीं, इथोपिया की एक महिला रांची में अवैध तरीके से रह रही है। यह जानकारी राज्य सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजी गई राज्य में विदेशी नागरिकों की सूची में दी है। जिन दो विदेशी नागरिकों को लापता बताया गया है, उनमें जापान का योकी कोहाता और रूस के सेजोंग क्वोन हैं।

केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजी गई विदेशी नागरिकों की सूची
जापानी नागरिक योकी कोहाता के वीजा की वैधता गत वर्ष 17 मई 2020 को ही समाप्त हो गई थी। जबकि, सेजोंग क्वोन के वीजा की वैधता 09 दिसंबर 2020 को समाप्त हुई थी। ये दोनों नागरिक कहां और किस हाल में है, इसकी जानकारी सरकार के पास नहीं है। राज्य सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को जो सूची सौंपी है, उसके अनुसार राज्य में कुल 31 विदेशी नागरिक रह रहे हैं।

रांची में अवैध तरीके से रह रही इथोपिया की एक महिला
इनमें रांची में 11, धनबाद में 13, बोकारो में तीन, हजारीबाग में तीन और गुमला में एक नागरिक शामिल हैं। रिपोर्ट में रांची में रहने वाली इथोपिया की एक महिला फातुमा सैनी येसुफ के बारे में बताया गया है कि वह रांची में 15 दिसंबर 2011 से अवैध तरीके से रह रही है। उसने अपना आधार कार्ड भी बनवा लिया है। उसके पासपोर्ट की वैधता 17 अक्टूबर 2016 को समाप्त हो गई थी, जबकि उसके वीजा की वैधता 14 दिसंबर 2011 को समाप्त हुई थी। धनबाद में रह रही एक विदेशी नागरिक नाहिदा बेगम ने भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन दिया है।

Source : shorturl.at/erE49