जुगसलाई में 290 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ तीन महिला आरोपी गिरफ्तार..

इन दिनों जमशेदपुर में नशे के सामान की खरीद बिक्री की घटना आए दिन सामने आ रही है। यहाँ के हर इलाके में नशे की पुड़िया बेची जा रही है। नशे की खरीद बिक्री की घटना को अंजाम देने में महिलाएं भी संलिप्त हैं।

जुगसलाई थाना की पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लगभग 290 पुड़िया ब्राउन शुगर मिलें है। साथ ही पुलिस ने 30 हजार रुपये नगद और तीन मोबाइल भी बरामद किए हैं। इन महिलाओं के पास से नशे की पुड़िया का वजन करने की मशीन काे भी जब्त किया गया है।

गिरफ्तार महिलाओं में सीतारामडेरा थाना क्षेत्र ह्यूम पाइप इंदिरा नगर की भारती केवर्तो, उर्मिला भुइंया, और जुगसलाई की रशिदा खातून है। राशिदा आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती की रहने वाली है। वहां पुलिस की लगातार छापेमारी के बाद वह जुगसलाई में शरण लेकर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रही थी। वहीं भारती केवर्तो कुछ दिनों पहले ही जमानत पर रिहा हुई है।

जुगसलाई थाना के इंस्पेक्टर तरुण कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि तीन महिला जुगसलाई राखर मैदान चूना भठ्ठा इलाके के पास ब्राउन शुगर बेच रही हैं। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

इससे पहले भी भारती केवर्तो को ब्राउन शुगर बेचने के सिलसिले में ही सीतारामडेरा थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उसकी तलाश सीतारामडेरा थाना की पुलिस को भी थी। बीते बुधवार को भारती छायानगर में छापेमारी के दौरान भाग निकली थी। सीतारामडेरा थाना की पुलिस ने पांच लोगों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया था। वहीं शुक्रवार को मानगो थाना की पुलिस ने 22 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को भी गिरफ्तार किया था।