होली में दो समुदायों में तनातनी, प्रशासन ने संभाला मोर्चा, हालात नियंत्रित..

तोपचांची: धनबाद जिले के तोपचांची में होली के दाैरान सांप्रदायिक हिंसा की एक बड़ी घटना टल गई है। हालांकि इलाके में तनाव है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। ग्रामीण एसपी रिष्मा रमेशन ने गांव का दाैरा कर दोनों पक्षों से बात की। वे पूरे मामले पर नजर रख रही हैं। गांव में बवाल उस समय शुरू हुआ जब समुदाय विशेष के लोगों ने होली की टोली को गांव से गुजरने से मना कर दिया। इसके बाद दोनों पक्ष अपनी-अपनी जिद पर अड़ गए। धीरे-धीरे मामला पथराव और पुलिस लाठीचार्ज तक पहुंच गया।

क्या है पूरा मामला..
तोपचांची थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर गांव मे शुक्रवार की शाम विशेष समुदाय के द्वारा होली की टोली के रास्ते को रोके जाने के बाद दो समुदाय के लोग आमने-सामने हो गए। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। मामले की सूचना के बाद हंगमा को शांत करवाने गांव पहुची पुलिस टीम पर भी पथराव कर दिया गया। हमले में बाघमारा की एसडीपीओ निशा मुर्मू का स्कार्पियो क्षतिग्रस्त ही गया और वह घायल हो गईं। पत्थरबाजी के बावजूद पुलिस ने डटी रही और लाठी चार्ज कर मामले को शांत किया अन्यथा बड़ा बवाल हो सकता था। घटना के बाद गांव मे तनाव की स्थिति बनी हुई है। पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

एसडीपीओ और सीओ के वाहन पर हमला..
घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ निशा मुर्मू तथा सीओ विकास कुमार त्रिवेदी अपने वाहन के साथ गांव का जायजा लेने पहुंचे। सायरन बजाते हुए गांव से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनके वाहनों पर जमकर पथराव होने लगा और उनके वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। एसडीपीओ भी घायल हो गईं। इसके बाद पुलिस के जवानों ने मोर्चा सभांल लिया। पूरे गांव मे कर्फ्यू लगा दिया गया है। बाहर से आने और गांव से निकलने पर रोक लगा दी गई है। घटना की सूचना के बाद ग्रामीण एसपी रिष्मा रमेशन, एसडीएम प्रेम कुमार तिवारी तोपचांची पहुंचे और दोनों पक्षों से संयम से काम लेने की अपील की।