टाना भगत ने एक बार फिर शुरू किया आंदोलन, राजभवन के समक्ष कर रहे मौन प्रदर्शन..

झारखंड के टाना भगत का जत्था एक बार फिर आंदोलन के मूड में आ गया है| राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सिद्धांतों पर चलने वाले टाना भगत शुक्रवार को रांची में राजभवन के समक्ष धरने पर बैठ गए हैं। इस बार टाना भगतों का समूह मौन प्रदर्शन कर रहा है। वहीं प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। टाना भगत अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं|

विदित हो कि कुछ समय पहले ही टाना भगतों ने अपनी मांगों को लेकर रेलवे ट्रैक जाम किया था। आंदोलन को बढ़ते देख बाद राज्य सरकार की ओर से इन्हें वार्ता के लिए आमंत्रित किया गया था। दरअशल ये लोग काफी समय से वंशावली की मांग कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास से भी इस संबंध में कई बार आग्रह किया गया था। और अब वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष भी टाना भगत अपना अनुरोध रख रहे हैं। लेकिन अब तक उनकी मांग पूरी नहीं हुई है। पिछली बार जो वार्ता हुई थी उसमें उन्होंने कुछ और मुद्दों पर सरकार से निर्णय लेने का आग्रह किया था। जो की अब तक लंबित है।

उधर, पुलिस प्रशासन द्वारा अनुरोध किये जाने पर प्रदर्शन कर रहे टाना भगत मुख्य मार्ग से हट गए हैं। आंदोलनरत टाना भगतों का कहना है कि वे लोग मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करना चाहते हैं। राजभवन के बाहर कुछ प्रशासनिक अधिकारियों से हुई बातचीत के बाद, पांच टाना भगतों को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पास मिलने के लिए भेजा जा रहा है।