पलामू में दो गुटों में झड़प के बाद धारा 144 लागू, इंटरनेट सेवा कल तक के लिए बंद..

रांची : पलामू में दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद तनाव को देखते हुए राज्य सरकार ने पलामू जिले में अस्थाई रूप से सभी तरह की इंटरनेट सेवाओं को बाधित कर दिया है। गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसके साथ ही पलामू में सभी तरह की दूरसंचार सेवाएं 15 फरवरी की दोपहर चार बजे से 16 फरवरी की दोपहर चार बजे तक बाधित रहेंगी। गृह सचिव ने अपने आदेश में लिखा है कि पलामू में इंटरनेट सेवाओं के बहाल होने से लॉ एंड आर्डर बिगड़ सकता है।

सोशल मीडिया के माध्यम से तनाव बढ़ने की आशंका..
सोशल मीडिया से लेकर फोन आदि के माध्यम से अफवाह फैलाकर भी सांप्रदायिक तनाव बढ़ाया जा सकता है। इसके चलते प्रशासन को विधि व्यवस्था स्थापित करने में परेशानी हो सकती है। यही वजह है कि पलामू में सभी तरह की दूरसंचार सेवाओं को अस्थाई रूप से ठप किया जा रहा है, ताकि आम जनता में सुख-शांति बनी रहे।

बुधवार को दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प..
गौरतलब है कि पलामू जिले के पांकी में महाशिवरात्रि के लिए तोरणद्वार बनाने को लेकर बुधवार को दो समुदायों में बीच हिंसक झड़प हो गई। दो समुदाय के बीच पत्थरबाजी व मारपीट हुई। भीड़ ने एक मकान, दो बाइक व दो दुकानों को आग के हवाले कर दिया।

1 घंटे से ज्यादा समय तक बनी रही युद्ध जैसी स्थिति..
करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक मस्जिद चौक के पास युद्ध की स्थिति बनी रही। इस घटना में डीएसपी आलोक कुमार टुडू सहित डेढ़ दर्जन से ज्यादा लोग चोटिल हुए हैं। मौके पर डीसी एसपी सहित दर्जनभर से अधिक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कैंप कर रहे हैं। स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश जारी है। इसी क्रम में अब इंटरनेट सेवाओं को ठप कर दिया गया है, ताकि दुष्प्रचार व अफवाहों को फैलने से रोका जा सके।