विधानसभा में उठा साहिबगंज हादसे का मामला, सरकार ने बनायी 4 सदस्यीय जांच कमेटी..

साहिबगंज: झारखंड के साहिबगंज और बिहार के कटिहार जिले के मनिहारी के बीच गंगा नदी में गुरुवार की रात एक मालवाहक जहाज अनियंत्रित हो गया। इसके बाद जहाज पर लोड ट्रक गंगा नदी में गिरने लगे। एक झटके में पांच ट्रक गंगा में गिरकर डूब गए। जबकि शेष 9 ट्रक जहाज पर ही पलट गए। ट्रक के साथ ड्राइवर और खलासी भी थे। पांच लोग तैरकर बाहर निकल गए। चार ड्राइवर और खलासी लापता हैं। इनकी खोज के लिए एनडीआरएफ गंगा में रेस्क्यू आपरेशन चला रहा है। दूसरी तरफ हादसे को लेकर भाजपा ने झारखंड की हेमंत सरकार पर हमला बोला।

भाजपा के मुख्य सचेतक बिरंची नारायण ने सूचना के तहत सदन की कार्यवाही शुरू होते ही यह मामला उठाया। उन्होनें कहा कि साहिबगंज से अवैध स्टोन चिप्स को बिहार के मनिहारी में अवैध घाट पर उतारा जाता है। इसी क्रम में यह दर्दनाक घटना हुई है। उन्होनें साहिबगंज के DC और SP को अविलंब बर्खास्त करने की मांग की। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि वर्ष 2021 में ही उन्होंने स्टोन चिप्स की कालाबाजारी को लेकर बिहार और झारखंड के मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कहा कि यह अवैध धंधा बहुत पहले से चल रहा है। उन्होंने कहा कि यह अवैध धंधा DC और SP के देखरेख में हो रहा है। उन्होंने दोषी पदाधिकारी पर कार्रवाई की मांग की साथ ही पूरे मामले की जांच CBI से कराने की मांग की।

वहीं झामुमो विधायक लॉबिन हेम्ब्रेम ने कहा कि जो जहाज दुर्घटना ग्रस्त हुई है, उस पर अवैध तरीके से पत्थर जा रहा था। कहा कि उनके ही विधानसभा क्षेत्र से पत्थर जाता है। लगातार वह इस बात को सदन में उठाते रहे हैं। उन्होनें कहा कि फेरी घाट से ओवर लोडेड ट्रक जाता है। राजस्व की हानि हो रही है। तुरंत जांच हो और दोषियों पर कार्रवाई हो।

इधर विधायक अनंत ओझा ने कहा कि मनिहारी साहिबगंज फेरी सेवा चलती है और रात के अंधेरे में अवैध कारोबार होता है। जवाब में संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि साहिबगंज में फेरी घाट संचालित है। जिस पर दो वर्ष बिहार का और दो वर्ष झारखंड का अधिकार रहता है। इस जगह से पेशेनज़र से लेकर मालवाहक दोनों चलता है। कहा कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार पूरी जानकारी ले रही है। कहा कि अवैध खनन की जानकारी नहीं है। जानकारी लेकर कार्रवाई करेंगे। मंत्री के जवाब के बाद विपक्ष के सदस्य वेल में आकर हंगामा करने लगे। स्पीकर बार बार विधायकों से आसान पर बैठने का आग्रह करते रहे लेकिन हंगामा जारी रहा। बाद में स्पीकर ने सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया।

सदन दोबारा शुरू होने पर सरकार ने इस मामले में जवाब दिया है। मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जहाज खराब था। रिपेयर हो रहा था। दुर्घटना बिहार की सीमा में हुई है। मामले की जांच की जाएगी। साहिबगंज के अपर समाहर्ता को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। कमेटी में 4 सदस्यों को रखा गया है। बिहार व झारखंड की ओर से संयुक्त राहत अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *