आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पहुंचे रांची, कल करेंगे कार्यकर्ता सम्मेलन..

राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार में विपक्ष की आवाज तेजस्वी यादव आज शनिवार को अपने 2 दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचे हैं। रांची पहुंचने पर आरजेडी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हम लोग यहां अपनी पार्टी को मजबूत करने के लिए आए हैं। झारखंड के पास जितना मिनरल्स है और वो जिस तरह से देश की सेवा करता है पर केंद्र से उसको वाजिब हक नही मिलता है, इसलिए मेरा मानना है कि जब तक पुराना बिहार विकसित नही होता है तब तक देश का विकास नही हो सकता है।

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से तेजस्वी यादव सीधे हिनू चौक पहुंचे। जहां पर उन्होंने जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। हिनू चौक के बाद बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष सीध बिरसा चौक पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। बता दें उनके स्वागत में जगह जगह पर कार्यकर्ता मौजूद थे। रांची के रेडिशन ब्लू में वो आज रात्रि विश्राम करेंगे।

तेजस्वी यादव अपने दौरे के दूसरे दिन यानि 19 सितम्बर को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से 11 बजे औपचारिक मुलाकात करेंगे। दोनों युवा नेताओं की इस मुलाकात पर सबकी नजर होगी। खासकर ऐसे में जब भोजपुरी और मगही भाषा को लेकर हेमंत सोरेन के बयान पर झारखंड का सियासी पारा चढा हुआ है। ऐसा माना जा रहा है कि इस मुद्दे पर दोनों नेताओं में बात होगी।

इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह की अध्यक्षता में डीपीएस स्कूल के नजदीक कार्निवल मैरिज हॉल में दिन के 12:00 बजे कार्यकर्ता सम्मेलन होने वाला है। इस कार्यक्रम के तेजस्वी यादव बतौर मुख्य अतिथि होंगे। इस सम्मेलन में झारखंड के प्रदेश प्रभारी जयप्रकाश नारायण यादव भी मौजूद रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *