इंडिया स्मार्ट सिटी अवॉर्ड कंटेस्ट में रांची स्मार्ट सिटी ‘लीडरशिप अवार्ड’ से सम्मानित..

भारत सरकार के केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय नें रांची स्मार्ट सिटी को इंडिया स्मार्ट सिटीज अवॉर्ड्स प्रतियोगिता (आईएसएसी) के तहत स्मार्ट सिटी लीडरशिप अवॉर्ड से सम्मानित किया है। केंद्र सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा गुजरात के सूरत में 18 से 20 अप्रैल तक आयोजित स्मार्ट सिटी स्मार्ट अर्बनाइजेशन कानक्लेव में रांची को इस सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के पहले भाग में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी के साथ-साथ विभागीय सचिव मनोज जोशी अन्य केंद्रीय मंत्री और गुजरात सरकार के कई मंत्री कार्यक्रम में मौजूद रहे।

रांची स्मार्ट सिटी को यह अवॉर्ड इसके बेहतर कार्य कुशलता, वित्तीय प्रबंधन एवं उपयोगिता के एवज में मिला है। गौरतलब है कि स्मार्ट सिटी मिशन की योजनाओं के क्रियान्वयन में वर्तमान में झारखंड राज्यों की श्रेणी में दूसरे पायदान पर है। इन वजहों से मुख्यमंत्री झारखंड हेमंत सोरेन ने भी कई बार रांची स्मार्ट सिटी के कार्यों की प्रशंसा भी की है। इसके साथ ही उन्होंने रांची और झारखंड के लोगों को पूर्व में आश्वस्त भी किया है कि स्मार्ट सिटी रांची जन आकांक्षाओं के अनुरूप विकसित होगी और इसके विकास में जन भागीदारी सुनिश्चित किया जाएगा। इस दिशा में मुख्यमंत्री का मार्गदर्शन और दिशा निर्देश रांची स्मार्ट सिटी को प्राप्त होता रहता है।

यह सम्मान रांची के लोगों के लिए गर्व की बात : विनय
नगर विकास एवं आवास विभाग झारखंड के सचिव विनय कुमार चौबे और रांची स्मार्ट सिटी के सीईओ अमित कुमार ने रांची स्मार्ट सिटी की पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। कहा कि यह सम्मान रांची के लोगों के लिए गर्व की बात है और इस सम्मान के बाद रांची स्मार्ट सिटी की टीम और भी ज्यादा ऊर्जा के साथ काम करेगी। रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन के सीईओ अमित कुमार ने सूरत पहुंच कर यह सम्मान प्राप्त किया है। इस मौके पर कारपोरेशन के महाप्रबंधक राकेश कुमार नंदकुलयार, पीआरओ अमित कुमार, प्रबंधक कमल जी शर्मा, रांची नगर निगम के सीडीओ राजेश कुमार भी मौजूद रहे।