रांची नगर निगम कल से 3 अक्तूबर तक मनाएगा आजादी का अमृत महोत्सव..

रांची नगर निगम की ओर से शहर में सोमवार से आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जाएगा। यह महोत्सव 27 सितंबर से 3 अक्तूबर तक मनाया जाएगा। इसके तहत शहर में कई कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें सोर्स सेग्रीगेशन (पृथककरण) के तहत सूखा व गीला कचरा अलग करने वाले मोहल्ले व आवासीय परिसरों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा इस महोत्सव के दौरान सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालय की सफाई की जाएगी, साथ ही शहर में साफ-सफाई को लेकर जन जागरण अभियान चलाया जाएगा। विभिन्न स्वयं सहायता समूह के द्वारा बेस्ट इंटरप्रेनर द्वारा किए गए इनोवेशन और अच्छी प्रैक्टिसेस की प्रदर्शनी की जाएगी। इस दौरान बढ़िया काम करने वाले सफाई मित्रों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में जिन मोहल्ला एसोसिएशन एवं आवासीय परिसरों को भाग लेना है, वे रांची नगर निगम के वाट्सएप नंबर 7979 768389 पर सोर्स सेग्रीगेशन से संबंधित वीडियो व फोटो भेज सकते हैं। इसमें मोहल्ले में कुल कितने फ्लैट हैं, कितने फ्लैट मालिकों द्वारा सोर्स सेग्रीगेशन का कार्य किया जा रहा है, उस सोसाइटी में कंपोस्ट मशीन है या नहीं। अगर है तो वह चालू अवस्था में है या नहीं और इसकी कितनी क्षमता है, ये सभी जानकारी देनी होगी। चालू अवस्था में कंपोस्ट मशीन से बनी खाद का प्रयोग करते हुए फोटोग्राफ भी निगम के नंबर पर भेजना होगा। इसके अलावा उत्सर्जित प्लास्टिक अपशिष्ट का किस प्रकार से निष्पादन किया जा रहा है, यह भी बताना होगा। ये जानकारी 28 सितंबर तक भेज देनी है।

वहीं एक अक्तूबर को प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें छोटे व्यवसायी, आम लोग व विभिन्न समूह द्वारा बनाए गए इनोवेशन या बेस्ट प्रैक्टिसेज की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें अपशिष्ट इंटरप्रेनर या स्वयं सहायक समूह को सम्मानित किया जाएगा। रांची नगर निगम की ओर से इन्हें पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा 2 अक्तूबर को स्वच्छता कार्यकर्ताओं और सफाई मित्रों को सम्मानित किया जाएगा।