झारखंड प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष बनाए गए राजेश ठाकुर..

राजेश ठाकुर झारखंड प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष बनाए गए हैं। उन्‍हें प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष पद से प्रदेश अध्यक्ष पद पर प्रोन्नति दी गई है। रामेश्‍वर उरांव को प्रदेश अध्‍यक्ष के पद से हटा दिया गया है। एनएसयूआइ से कांग्रेस की राजनीति में आए राजेश ठाकुर प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी भी रहे हैं। राजेश झारखंड के पूर्व राज्यपाल सैयद सिब्ते रजी के विशेष कार्य पदाधिकारी (ओएसडी) भी रहे हैं। प्रदेश अध्‍यक्ष की घोषणा होने के बाद राजेश ठाकुर ने कहा है कि वे दायित्व का गंभीरता से निर्वाह करेंगे। आलाकमान के भरोसे पर खरा उतरेंगे। उन्‍होंने सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह का आभार व्यक्त किया है।

इसके साथ ही झारखंड कांग्रेस के चार कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाए गए हैं। सांसद गीता कोड़ा, विधायक बंधु तिर्की, पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो और शहजादा अनवर कार्यकारी अध्यक्ष होंगे। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव के योगदान को पार्टी ने सराहा है। साथ ही निवर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष कमलेश महतो, इरफान अंसारी, मानस सिन्हा और संजय पासवान के योगदान को भी कांग्रेस पार्टी ने सराहना की है। बता दें कि वर्ष 2019 में झारखंड विधानसभा चुनाव को देखते हुए ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने डॉ रामेश्वर उरांव को प्रदेश अध्यक्ष बनाये, वहीं 5 कार्यकारी अध्यक्ष बनाये थे।